नयी दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 13 उम्मीदवारों की अपनी चौथी सूची जारी की। पार्टी ने सामाजिक समीकरणों को साधने के तहत, हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए संतोष पाठक को चौरंगी से और केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर की पत्नी सोमा ठाकुर को मतुआ बहुल बागदा सीट से मैदान में उतारा है।
भाजपा ने अब तक पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए कुल 288 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। केवल छह सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा बाकी है।
उत्तर 24 परगना जिले की मतुआ बहुल बागदा सीट से भाजपा की उम्मीदवार सोमा ठाकुर, बनगांव के सांसद और केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर की पत्नी हैं। उनकी उम्मीदवारी को चुनाव से पहले मतुआ वोट बैंक को मजबूत करने का प्रयास माना जा रहा है।
संतोष पाठक पांच बार कांग्रेस पार्षद रह चुके हैं। उन्हें मध्य कोलकाता की चौरंगी सीट से उतारा गया है। पाठक औपचारिक रूप से 23 मार्च को भाजपा में शामिल हुए थे। उनके भाजपा में शामिल होने के साथ ही यह कयास लगाये जाने लगे थे कि भगवा पार्टी उन्हें चौरंगी से चुनाव लड़वा सकती है।
भाजपा की यह चौथी लिस्ट है। अभी और छह सीटों के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा बाकी है। पहली सूची में 144 उम्मीदवारों, दूसरी सूची में 112 और तीसरी सूची में 19 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई थी।
पार्टी द्वारा जारी सूची के अनुसार, हावड़ा दक्षिण से श्यामल हाटी, नटबाड़ी से गिरिजा शंकर राय और सीताई से आशुतोष वर्मा चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा, मगराहाट पूर्व से उत्तम कुमार बनिक, फाल्टा से देबांशु पांडा, सोनारपुर उत्तर से देवाशीष धर और पांचला सीट से रंजन कुमार पॉल मैदान में उतरेंगे।
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल को कराया जाएगा, जबकि मतगणना चार मई को होगी।