बारासात जिलाशासक कार्यालय में संवादददाताओं को संबो​धित करतीं उत्तर 24 परगना जिलाधिकारी शिल्पा गौरीसरिया, साथ है विधाननगर के सीपी मुरलीधर, बैरकपुर के सीपी अमित कुमार सिंह, डीसी हेडक्वार्टर अतुल. वी, बनगांव की एसपी पुष्पा व अन्य अधिकारी 
टॉप न्यूज़

बंगाल चुनाव : उत्तर 24 परगना में केंद्रीय बलों की 200 कंपनियां तैनात

चुनाव कार्यों से दूर रहेंगे सिविक वॉलेंटियर्स : जिलाधिकारी, सीमाएं होंगी सील और सुरक्षा बलों की होगी तैनाती

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के आगामी चरणों के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। उत्तर 24 परगना जिले के पांच महकमा की 33 विधानसभा सीटों पर आगामी 29 अप्रैल को मतदान होना है। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नई गाइडलाइंस जारी की है। इस बैठक में जिलाधिकारी शिल्पा गौरीसरिया, विधाननगर के सीपी मुरलीधर, बैरकपुर के सीपी अमित कुमार सिंह, डीसी हेडक्वार्टर वी.अतुल, बनगांव की एसपी पुष्पा व अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी शिल्पा गौरीसरिया ने कहा कि चुनाव आयोग के कड़े निर्देशों के अनुसार, इस बार किसी भी सिविक वॉलेंटियर को चुनाव संबंधी कार्यों में तैनात नहीं किया जाएगा। यह नियम मतदान से 72 घंटे पहले ही प्रभावी हो जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिले के सभी 8,672 बूथों पर वेबकास्टिंग और सीसीटीवी की मदद ली जाएगी।

संवेदनशील बूथों पर होगी तीन कैमरों से कड़ी निगरानी

सामान्य बूथों पर दो कैमरे (एक अंदर और एक बाहर) होंगे, जबकि संवेदनशील और अति-संवेदनशील बूथों पर निगरानी के लिए तीसरा अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरा लगाया जाएगा। भारत-बांग्लादेश सीमा से सटे होने के कारण, जिले की सुरक्षा संवेदनशीलता को देखते हुए बनगांव और बशीरहाट महकमा की सीमाओं को मतदान से 72 घंटे पहले पूरी तरह सील कर दिया जाएगा। चुनाव के लिए जिले में पहले ही केंद्रीय बलों की 200 कंपनियां तैनात की जा चुकी हैं। प्रशासन ने महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देते हुए 1,282 महिला बूथ और 197 ऑक्जिलरी बूथ भी बनाए हैं। 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों, बीमार व्यक्तियों और दिव्यांगों के लिए घर से मतदान करने की व्यवस्था की गई है, बशर्ते उन्होंने इसके लिए आवेदन किया हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन हिंसामुक्त और भयमुक्त चुनाव संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।

SCROLL FOR NEXT