टॉप न्यूज़

बंगाल कैबिनेट का तोहफा: 42 हजार पैरा-टीचर्स का बढ़ा भत्ता

पैरा-टीचर्स के भत्ते में 5 हजार की बढ़ोतरी

अपर-प्राइमरी पैरा-टीचर्स को अब मिलेंगे 20,523 रुपये मासिक

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के हजारों शिक्षकों और कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए उनके मासिक भत्ते में उल्लेखनीय वृद्धि करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री द्वारा नबन्ना में आयोजित कैबिनेट बैठक के बाद इस बात की औपचारिक घोषणा की गई कि संशोधित दरों का सीधा लाभ सरकारी स्कूलों में कार्यरत प्राथमिक और उच्च प्राथमिक वर्ग के पैरा-टीचरों को मिलेगा। इसके साथ ही, शिक्षा क्षेत्र से जुड़ा एक अन्य महत्वपूर्ण विधेयक आगामी दस सितंबर को विधानसभा के एक दिन के विशेष सत्र में पेश किया जाएगा, जिसके तहत शिक्षण और गैर-शिक्षण स्टाफ को एक यूनिवर्सिटी से दूसरी यूनिवर्सिटी में ट्रांसफर की सुविधा मिल सकेगी।

किसे और कितना मिलेगा बढ़ा हुआ भत्ता?

सरकार के इस फैसले से कुल मिलाकर 42 हजार से अधिक पैरा-टीचरों के वित्तीय हालातों में सुधार होगा। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, इस बढ़ोतरी के बाद प्राइमरी सेक्शन के 20,343 पैरा-टीचरों का मासिक भत्ता 11,941 रुपये से बढ़ाकर 16,941 रुपये कर दिया गया है। वहीं दूसरी ओर, अपर-प्राइमरी सेक्शन के 21,849 पैरा-टीचरों का मानदेय 15,523 रुपये से बढ़ाकर 20,523 रुपये कर दिया गया है। इन सभी लाभार्थियों के लिए बढ़ी हुई नई दरें आगामी 1 नवंबर से प्रभावी रूप से लागू कर दी जाएंगी।


SCROLL FOR NEXT