घायल महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया गया  
टॉप न्यूज़

बेलूड़ में दीवार गिरने से महिला हुई घायल

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: बेलूड़ के गिरीश रोड स्थित ठाकुरन पोखर इलाके में गुरुवार की सुबह एक हादसा हो गया। वर्षों पुरानी एक विशाल दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक गृहिणी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, ठाकुरन पोखर क्षेत्र में चक्रवर्ती परिवार लंबे समय से इस पुरानी दीवार के पास रह रहा है। गुरुवार की सुबह परिवार की गृहिणी बाथरूम में स्नान कर रही थीं, तभी अचानक जर्जर दीवार गिर गई। दीवार के गिरने से बाथरूम की छत भी टूट गई और भारी कंक्रीट का मलबा महिला के ऊपर जा गिरा।

गिरीश रोड के ठाकुरन पोखर इलाके में मची अफरा-तफरी

धमाके जैसी तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने तुरंत राहत अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबी महिला को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल स्थानीय जायसवाल अस्पताल पहुंचाया गया।चिकित्सकों ने बताया कि महिला के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत चिंताजनक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के एक अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद इलाके के लोगों में पुरानी और जर्जर इमारतों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

SCROLL FOR NEXT