अभियुक्त दंपति का फाइल फोटो  
टॉप न्यूज़

जाली नोटों के काले धंधे में नेपाल पुलिस ने बेलघरिया के दम्पति को किया गिरफ्तार !

रशियन बेली डांसर, शराब और शबाब की पार्टियां!

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बेलघरिया : घर के भीतर रशियन बेली डांसर्स का नृत्य, महंगी शराब का दौर और पानी की तरह बहता पैसा—बेलघरिया के शरतपल्ली इलाके का वह मकान किसी उत्सव के केंद्र जैसा नजर आता था। आसपास के लोग अक्सर चर्चा करते थे कि आखिर इतनी अकूत संपत्ति और विलासिता का स्रोत क्या है? लेकिन रविवार को जब नेपाल पुलिस के खुफिया विभाग ने बेलघरिया की दीपा धर और उसके पति अरिंदम धर को गिरफ्तार किया तो सच्चाई जानकर सबके होश उड़ गए। मिली जानकारी के अनुसार नेपाल पुलिस ने जाली नोटों के कारोबार के आरोप में उक्त दम्पति सहित कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 70 करोड़ रुपये के जाली नोट और लोहे के ट्रंक में भरी भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई है। जांचकर्ताओं का अनुमान है कि इसके पीछे एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय गिरोह सक्रिय है।

अय्याशी की आड़ में चलता था काला कारोबार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपा धर और उसके पति अरिंदम धर के रूप में हुई है। दीपा इसी इलाके की रहने वाली है, जबकि अरिंदम दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर का निवासी है। बताया जा रहा है कि यह दम्पति साल 2024 में नेपाल गया था, जहाँ से संभवतः उन्होंने जाली नोटों की तस्करी का नेटवर्क शुरू किया।

खुफिया सूत्रों के अनुसार, यह दम्पति व्यापारियों को वीडियो कॉल के जरिए जाली नोट दिखाकर उन्हें निवेश करने का लालच देता था। वे वादा करते थे कि निवेश किया गया पैसा कुछ ही समय में दोगुना हो जाएगा। इसी धोखाधड़ी की कमाई से उन्होंने अपनी जीवनशैली को बेहद आलीशान बना रखा था। रशियन डांसर्स और रईस व्यापारियों के साथ देर रात तक चलने वाली पार्टियां इनके घर की पहचान बन चुकी थीं।

छापेमारी में क्या-क्या मिला?

नेपाल पुलिस के खुफिया अधिकारियों ने रविवार को अचानक शरतपल्ली स्थित फ्लैट पर धावा बोला। तलाशी के दौरान वहां से:

  • 70 करोड़ रुपये के जाली नोट

  • नकदी से भरे लोहे के ट्रंक

  • 12 मोबाइल फोन

  • कई लग्जरी गाड़ियां जब्त की गईं।

गिरफ्तार सात लोगों में से एक नेपाली नागरिक भी शामिल है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में जाली नोट कहां से लाए गए थे।

राजनीतिक प्रतिक्रिया

इस घटना पर कमरहाटी के माकपा (CPM) नेता सायनदीप मित्रा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "सुना है वे बहुत 'गुणी' लोग थे। उनके घर रशियन डांसर आते थे, नेपाल की करेंसी मिलती थी और शराब-शबाब का दौर चलता था। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कमरहाटी इलाके का नाम ऐसे मामलों में बार-बार खराब हो रहा है। पुलिस को यह जांच करनी चाहिए कि इन तमाम काले धन के पीछे का मुख्य सूत्रधार कौन है।"

SCROLL FOR NEXT