चोरी के बाद घर में बिखरा पड़ा सामान  
टॉप न्यूज़

बेलघरिया में एक ही रात दो घरों में चोरी से हड़कंप

नकदी और लाखों के आभूषण लेकर फरार बदमाश

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बेलघरिया : बेलघरिया स्थित नंदननगर-नेताजीपल्ली इलाके लगातार दो घरों में हुई चोरी की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। आरोप है कि बदमाश लोहे की ग्रिल और गेट का ताला तोड़कर घरों में घुसे और नकदी व सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। पहली घटना चंदन बोस के घर में हुई, जहां चोरों ने अलमारी की चाबी निकालकर करीब 40 हजार रुपये नकद और लगभग 1.60 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने चोरी कर लिए। सुबह उठने पर परिवार ने घर को अस्त-व्यस्त पाया। परिजनों का आरोप है कि चोरों ने वारदात से पहले बेहोशी की दवा का स्प्रे किया था।

परिवारों ने बेहोशी की स्प्रे किये जाने का जताया संदेह

इसी रात बदमाशों ने स्वपन डाकुआ के घर को भी निशाना बनाया। आरोप है कि गेट का ताला खोलकर घर में प्रवेश करने के बाद दो अलमारियों से करीब 3.80 लाख रुपये नकद और लगभग 17 लाख रुपये के सोने के आभूषण चुरा लिए। परिवार के एक सदस्य के जाग जाने पर चोर बाहर से दरवाजा बंद कर फरार हो गए। दोनों परिवारों ने बेलघरिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इलाके के सीसीटीवी कैमरों में संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं, जिनकी जांच पुलिस कर रही है। परिजनों का दावा है कि वारदात में किसी स्थानीय या परिचित व्यक्ति की संलिप्तता हो सकती है, क्योंकि चोरों को घर के भीतर की पूरी जानकारी थी। हालांकि पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

SCROLL FOR NEXT