सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

बशीरहाट में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चुनाव से पहले हथियारों और बमों का जखीरा बरामद

कई बदमाशों को किया गया गिरफ्तार

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बशीरहाट: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से ठीक पहले बशीरहाट जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करते हुए अपराधियों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर भारी मात्रा में हथियार, जिंदा कारतूस और बम बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में कई बदमाशों को दबोचा गया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

बादुड़िया में डकैती की साजिश नाकाम

बादुड़िया थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बागजोला बाजार इलाके में छापेमारी की। यहाँ से बांग्लादेश के सातक्षीरा जिले के दो युवकों—आकाश शेख और मोहसिन सरदार को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से शटर काटने की मशीन और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, ये दोनों देर रात बाजार में बड़ी डकैती डालने की योजना बना रहे थे।

मिनाखां और बशीरहाट में हथियारों का जखीरा

मिनाखां थाना पुलिस ने उत्तर बारगा इलाके से आकबर अली मोल्ला को गिरफ्तार किया। उसके पास से 48 राउंड गोलियां, एक देसी बंदूक और एक लंबी बैरल वाली पिस्तौल मिली है। वहीं, बशीरहाट थाना पुलिस ने घोना इलाके से बापी सरदार को एक देसी कट्टे और कारतूस के साथ पकड़ा। इसके अलावा गोटरा इलाके से अबुल हाकिम मंडल को दो पेटो बम के साथ गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस का मानना है कि ये हथियार चुनाव के दौरान अशांति फैलाने के मकसद से जमा किए गए थे। सभी आरोपियों को बशीरहाट अदालत में पेश किया गया है और पुलिस इनके पीछे सक्रिय बड़े गिरोह की तलाश कर रही है।

SCROLL FOR NEXT