टीटागढ़ में विधायक कार्यालय के सामने की गयी आगजनी  
टॉप न्यूज़

बैरकपुर शिल्पांचल में टीएमसी के दर्जनों कार्यालयों में तोड़फोड़ का आरोप

टीटागढ़ स्थित दमदम-बैरकपुर तृणमूल जिला मुख्यालय पर भी कब्जे का लगा आरोप

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के साथ ही बैरकपुर शिल्पांचल में कई जगहों में तृणमूल कार्यालयों में तोड़फोड़ और हिंसा की खबरें आ रही हैं। टीएमसी के गढ़ माने जाने वाले पानीहाटी, खड़दह, नोआपाड़ा, बैरकपुर, कमरहट्टी और बरानगर में तृणमूल कांग्रेस के कई पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ की गई है। आरोप है कि भाजपा समर्थित उपद्रवियों ने इन कार्यालयों को निशाना बनाया और कई जगह जबरन कब्जे की कोशिश भी की। टीटागढ़ के टाटा मोड़ स्थित दमदम-बैरकपुर जिला तृणमूल मुख्यालय और बैरकपुर के जीसी रोड स्थित माइनॉरिटी सेल के कार्यालय में भी रातों-रात तोड़फोड़ और कब्जे की शिकायतें सामने आई हैं। बरानगर के वार्ड 15 में भी चेयरपर्सन अपर्णा मौलिक के कार्यालय को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पानीहाटी नगर पालिका के वार्ड नंबर 19 के कालीतला में टीएमसी कार्यालय को कथित तौर पर भाजपा की 'बाइक वाहिनी' द्वारा तहस-नहस कर दिया गया। कमरहट्टी मोड़ पर स्थिति तब और बिगड़ गई जब ऑटो ऑपरेटर्स यूनियन के कार्यालय और कमरहट्टी के मुख्य तृणमूल भवन में जमकर तोड़फोड़ हुई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़पें हुईं, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

भाजपा विजयी उम्मीदवारों ने इलाकों में पहुंचकर दी चेतावनी

भाजपा नेता, विजयी उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने अपने कार्यकर्ताओं को संयम बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जीत के बाद सभी कार्यकर्ता और समर्थक संयम बनाए रखें। किसी भी प्रकार की प्रतिहिंसा (बदले की कार्रवाई) बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं सजल घोष (विजयी उम्मीदवार, बरानगर) ने पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ की घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि मैं पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ का समर्थन नहीं करता। अगर ऐसा करने वाले मेरे अपने दल के लोग भी हुए, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। पार्टी कार्यालय एक धार्मिक स्थल की तरह पवित्र होते हैं। जो लोग रातों-रात भाजपा का झंडा थामकर ऐसी हरकतें कर रहे हैं, वे हमारे कार्यकर्ता नहीं हो सकते। मैं खुद उस पार्टी कार्यालय (टीएमसी) जाऊंगा और ऐसी चीजें दोबारा नहीं होने दूंगा। कौस्तभ बागची (विजयी उम्मीदवार, बैरकपुर) ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हिंसा और तोड़फोड़ की किसी भी घटना के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। साथ ही, मैं यह साफ कर देना चाहता हूं कि तृणमूल कांग्रेस के किसी भी कर्मी या नेता को भाजपा में शामिल नहीं किया जाएगा। पानीहाटी के वार्ड 23 के पार्षद और टीएमसी प्रवक्ता सम्राट चक्रवर्ती के कार्यालय में रात के अंधेरे में भारी तोड़फोड़ की गई। इसके साथ ही पानीहाटी नगर पालिका के चेयरमैन सोमनाथ दे और पार्षद अरिंदम विश्वास के घरों पर भी हमले किए गए। इलाके में तनाव व्याप्त है और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। तृणमूल नेतृत्व ने इन घटनाओं की तीव्र निंदा की है साथ ही इस पर कार्रवाई की भी मांग की है।

SCROLL FOR NEXT