खड़दह से गिरफ्तार किये गये अभियुक्त  
टॉप न्यूज़

बैरकपुर पुलिस ने चाइनीज मांझा पर कसा शिकंजा, 11 गिरफ्तार

बरामद किया गया भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांझा

सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर: विश्वकर्मा पूजा के दिन पतंग उड़ाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। एयरपोर्ट जाते समय चाइनीज मांझे से गला कटने से एक पूर्व सैनिक गौतम घोष की मौत हो गयी। इस दर्दनाक घटना के बाद बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट की पुलिस रातों रात सक्रिय हो गयी। कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाकर पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में चाइनीज मांझा जब्त किया। डीसी सेंट्रल इन्द्रबदन झा ने बताया कि खड़दह थाना पुलिस ने पीके विश्वास रोड इलाके में अभियान चलाकर वहां से 5 अभियुक्तों नुरुल इस्लाम, हैदर अली , पंकज कुमार साव, मोहम्मद इमरान व मोहम्मद अली को गिरफ्तार किया। बताया गया है कि ये अभियुक्त इलाके में प्रतिबंधित मांझा बेच रहे थे।

टीटागढ़ पुलिस ने अभियुक्त को किया गिरफ्तार

खड़दह सहित 4 थाना इलाकों में चलाया गया अभियान

इसी तरह, टीटागढ़ थाने की पुलिस ने तालपुकुर से शशिकांत साव को गिरफ्तार किया। वहीं, न्यू बैरकपुर के रेलवे साइडिंग इलाके में चलाए गए अभियान में मृदुल चौधरी, सोमनाथ मिस्त्री, बाबला सरदार और अमित साहा को पकड़ा गया। इसके अलावा, मोहनपुर थाने की पुलिस ने कल्याणी हाइवे सर्विस लेन से जीत यादव को चाइनीज मांझे के साथ गिरफ्तार किया।

पुलिस ने इन सभी आरोपियों के पास से भारी मात्रा में तैयार मांझा और उसे बनाने की सामग्री बरामद की है। सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को गुरुवार को बैरकपुर कोर्ट में पेश किया गया।

बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि चाइनीज मांझे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी जारी रहेगी। उन्होंने जनता से भी अपील की है कि वे इस तरह के खतरनाक मांझे का उपयोग न करें और इसके बेचने वालों के बारे में पुलिस को जानकारी दें।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को खड़दह के पास कल्याणी एक्सप्रेसवे पर मांझे से गला कटने के बाद घायल हुए पूर्व सैनिक गौतम घोष को अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। इस दुखद घटना ने एक बार फिर से चाइनीज मांझे की जानलेवा प्रकृति को उजागर किया है।

SCROLL FOR NEXT