निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर : स्वतंत्रता दिवस से पहले उत्तर 24 परगना के बैरकपुर में देशभक्ति का अनोखा नजारा देखने को मिला। गंगा की लहरों पर नौकाओं में सवार होकर निकाली गई ‘तिरंगा यात्रा’ ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। हाथों में तिरंगा और गंगा के घाटों पर देशभक्ति के गीतों की गूंज ने पूरे माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। इस विशेष यात्रा में सजी हुई नौकाओं को राष्ट्रीय ध्वज से सजाया गया था। गंगा के बीच से जब नौकाएं आगे बढ़ीं तो चारों ओर तिरंगे ही तिरंगे नजर आए। घाटों पर मौजूद लोगों ने भी इस दृश्य को उत्साह के साथ देखा। कई लोगों ने मोबाइल फोन से यात्रा की तस्वीरें और वीडियो बनाए। गंगा की लहरों के बीच तिरंगे का यह दृश्य बेहद आकर्षक नजर आया।
अनोखी ‘तिरंगा यात्रा’ ने बांधा देशभक्ति का समां
यात्रा के दौरान संगीत और देशभक्ति के गीतों की धुन से गंगा का किनारा गूंजता रहा। आयोजन का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लोगों में राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना बताया गया। यात्रा में शामिल लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान जताते हुए देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। बैरकपुर की इस अनूठी तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव से पहले ही इलाके में देशभक्ति का माहौल बना दिया। गंगा पर तिरंगे से सजी नौकाओं का नजारा लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।