सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर : आगामी छठ पूजा के मद्देनजर बैरकपुर नगरपालिका के वार्ड नंबर 16 में छठ पूजा सामग्री एवं शीत वस्त्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भाजपा नेता दयाशंकर यादव की पहल और भाजपा कार्यकर्ताओं के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य के श्रम एवं परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि छठ व्रती माताओं और बहनों के सम्मान में राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी जगद्दल के जिलेबी मैदान में पहुंचेंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री अर्जुन सिंह ने कहा कि राज्य में सत्ता परिवर्तन में छठ पूजा करने वाली महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि छठ केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति, सामाजिक एकजुटता और लोक परंपरा का प्रतीक है। छठ व्रती माताओं और बहनों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री का जगद्दल आना विशेष महत्व रखता है।
छठ व्रतियों के सम्मान पर जोर
अर्जुन सिंह ने कहा कि छठ पूजा के दौरान महिलाएं कठिन व्रत रखकर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। ऐसे में उनके सम्मान और सहयोग के लिए इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने दावा किया कि छठ व्रती महिलाओं ने राज्य में राजनीतिक बदलाव में अहम भूमिका निभाई है। कार्यक्रम में बैरकपुर विधानसभा के पूर्व विधायक एवं प्रदेश भाजपा प्रवक्ता शीलभद्र दत्त, भाजपा बैरकपुर-3 मंडल अध्यक्ष संतोष सिंह, बैरकपुर-2 मंडल के महासचिव संजय यादव, युवा मोर्चा बैरकपुर-2 मंडल अध्यक्ष कृष्णा झा सहित भाजपा नेता ओमप्रकाश गण, राजन सिंह और रमेश राव समेत पार्टी के कई नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजकों की ओर से छठ पूजा के लिए आवश्यक सामग्री के साथ जरूरतमंद लोगों के बीच शीत वस्त्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से आगामी पर्व को लेकर सामाजिक सहयोग और सहभागिता का संदेश देने का प्रयास किया गया।