फाइल फोटो 
टॉप न्यूज़

मरम्मत कार्य के लिए बारासात फ्लाईओवर 13 अगस्त तक बंद

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : बारासात का महत्वपूर्ण फ्लाईओवर मरम्मत और संरचनात्मक जांच के लिए फिलहाल पूरी तरह बंद कर दिया गया है। फ्लाईओवर में दरारें, कई बेयरिंग में खराबी और वाहनों के गुजरने के दौरान असामान्य कंपन पाए जाने के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने यह फैसला लिया। अधिकारियों के अनुसार फ्लाईओवर 13 अगस्त तक बंद रहेगा और इस दौरान किसी भी प्रकार के वाहन जैसे बस, ट्रक, कार, बाइक या साइकिल को पुल से गुजरने की अनुमति नहीं होगी। इंजीनियरों की जांच में फ्लाईओवर के दोनों सिरों के निचले हिस्से में दरारें और कुल 14 बेयरिंग बदलने की आवश्यकता सामने आई है। इसी कारण पुल की विस्तृत स्वास्थ्य जांच, क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत और बेयरिंग बदलने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।

वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे वाहन

इससे पहले भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी, लेकिन अब सुरक्षा के मद्देनजर सभी प्रकार के यातायात को बंद कर दिया गया है। बारासात जिला ट्रैफिक पुलिस ने फ्लाईओवर के दोनों ओर बैरिकेड लगाकर रास्ता बंद कर दिया है। प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। बसों के रूट भी अस्थायी रूप से बदल दिए गए हैं और ट्रैफिक पुलिस प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त निगरानी रख रही है ताकि जाम की स्थिति न बने। बारासात रेलवे लाइन के ऊपर बना यह फ्लाईओवर चांपाडाली और कॉलोनी मोड़ के बीच प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसके बंद रहने से लोगों को अगले कुछ दिनों तक लंबा घुमावदार रास्ता अपनाना पड़ेगा, हालांकि प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम आवश्यक है।

SCROLL FOR NEXT