बारासात : पहले मैट्रिमोनियल साइट पर मुलाकात, फिर प्यार! पांच साल एक-दूसरे से बातचीत और आखिरकार दोनों की सहमति से कानूनी शादी। लेकिन दोनों में से किसी ने भी अपने परिवारवालों को शादी के बारे में नहीं बताया। शादीशुदा जिंदगी के चार महीने के अंदर ही पति अपनी बीमार पत्नी का इलाज कराकर उसे उसके पिता के घर छोड़कर गायब हो गया! इसके बाद से पति ने धीरे-धीरे फोन पर भी पत्नी से बातचीत बंद कर दी। पति की इस हरकत से परेशान और खुद के साथ हुए धोखे से हैरान युवती ने इंसाफ की मांग पर अब बारासात के बामनगाछी पुकुरिया में ससुराल के सामने धरना दे दिया। पेशे से भारतीय रेलवे कर्मचारी अजहरुद्दीन पर मुर्शिदाबाद की उक्त युवती ने यह आरोप लगाया है। उसका कहना है कि कानूनी तौर पर दोनों ने शादी की हालांकि बाद में वह उसे उसके पिता के घर छोड़कर चला गया। धीरे-धीरे उसने अपनी पत्नी के परिवार और पत्नी से बातचीत बंद कर दी। अजहरुद्दीन पैसे के बदले उसे तलाक देने का भी दबाव दे रहा है। हालांकि युवती अपने पति के साथ अपना संसार बसाना चाहती है। अपनी इस मांग पर वह दो दिनों से ससुराल के सामने धरने पर बैठी है, हालांकि उसे कहा जा रहा है कि वह युवक घर पर नहीं है।