REP
टॉप न्यूज़

युवक का फंदे से झूलता हाथ-पैर बंधा शव बरामद

सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : बारासात के दत्तोपुकुर थाने की पुलिस ने शुक्रवार को कासीमपुर दीघा-शारदापल्ली इलाके में रेलवे लाइन के निकट एक घर से युवक का शव बरामद किया। उसके हाथ-पैर बंधे थे और वह फंदे से झूल रहा था। मृतक की पहचान दीप बैरागी (22) के रूप में की गयी। दीप जहां कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था वहीं लगभग 3 महीने पहले घर वालों के विरुद्ध जाकर उसने शादी भी की थी। वह छोटा-मोटा काम करता था। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद वे लोग यहीं रह रहे थे हालांकि दोनों के बीच तनाव बना रहता था। दोनों के परिवारवाले इस शादी के लिए राजी नहीं थे। आरोप है कि गत 3 दिन पहले दीप और उसकी पत्नी में झगड़ा हुआ था जिसके बाद वह घर छोड़कर चली गयी थी। इस बीच शुक्रवार की सुबह अचानक वह घर आयी और दीप को आवाज लगायी। काफी आवाज लगाने पर जब उसे कोई जवाब नहीं मिला तो आसपास के युवकों को उसने यह बात बतायी। एक युवक ने दरवाजे के ऊपर रोशनदान से झांककर देखा तो पाया कि वह फंदे से झूल रहा था। इसके बाद जानकारी पुलिस को दी गयी और पुलिस ने वहां पहुंचकर युवक का शव बरामद किया। अस्वाभाविक परिस्थितियों में हुई युवक की मौत को लेकर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।

SCROLL FOR NEXT