REP
टॉप न्यूज़

बाइक रेस के दौरान हादसा, महिला की मौत से हड़कंप

बारासात के नोआपाड़ा में लोगों ने किया विरोध-प्रदर्शन

सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : गुरुवार की रात बारासात के नोआपाड़ा इलाके में दो बाइकों के बीच आगे निकलने की होड़ में एक महिला दुर्घटना का शिकार हो गयी। इस घटना को केंद्र कर इलाके में भारी तनाव फैल गया। लोगों ने पुलिस पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाइकों की गति को नियंत्रित किये जाने के प्रति उदासीन रहने का आरोप लगाते हुए वहां अवरोध कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने अविलंब बारासात में देर रात चल रही बाइक रेस को बंद करने की मांग की। इस बीच जब पुलिस वहां कार्रवाई करने पहुंची तो पुलिस कर्मियों को उनके विरोध का सामना करना पड़ा। मिली जानकारी के अनुसार दत्तोपुकुर के मंडलगाछी की निवासी असीमा दास नोआपाड़ा इलाके में अपने एक रिश्तेदार के घर जा रही थी कि तभी तेज गति में जा रही एक बाइक ने असीमा को टक्कर मार दी। वह बाइक सवार भी अनियंत्रित होकर गिर पड़ा। इलाके के लोगों का आरोप है कि वह युवक नशे में धुत था। उसे भी चोट आयी थी। दोनों को बारासात अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने असीमा को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत का पता लगते ही इलाके में बवाल शुरू हो गया। लोगों ने आरोप लगाया कि रात होते ही इस सड़क पर बाइकों में रेस शुरू हो जाती है। पुलिस को इसकी जानकारी होने पर भी पुलिस की ओर से उदासीनता दिखायी गयी। साथ ही लोगों ने आरोप लगाया कि ये बाइक सवार ज्यादातर नशे में होते हैं जो सड़क पर बाइक रेस करते हैं। आखिरकार बारासात थाने के अधिकारियों ने लोगों को इस पर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया जिसके बाद अवरोध हटाया गया। मामले में बारासात पुलिस ने कहा कि इस ओर ध्यान देते हुए हमने रात में गश्त बढ़ायी है। साथ ही चेकिंग भी बढ़ायी गयी है।


SCROLL FOR NEXT