बरानगर थाने में शिकायत करने पहुंचा व्यवसायी सुदीप्तो घोष 
टॉप न्यूज़

बरानगर रंगदारी मामला: सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो आरोपी गिरफ्तार

विधायक ने राजनीतिक संलिप्तता से किया इनकार

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बरानगर: बरानगर के गोपाल लाल ठाकुर रोड इलाके में एक व्यवसायी के साथ मारपीट और एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा है।

सीसीटीवी से हुई आरोपियों की पहचान

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राहुल यादव उर्फ बोगा और आयुष कुंडू उर्फ गोपाल के रूप में हुई है। वायरल फुटेज में राहुल यादव को लाल रंग की हुडी (Hoodie) पहने हुए देखा गया था, जो व्यवसायी के साथ जबरदस्ती करता नजर आ रहा था। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

क्या था पूरा मामला?

पीड़ित व्यवसायी सुदीप्तो घोष ने आरोप लगाया था कि शुक्रवार की रात कुछ बदमाशों ने उनके घर धावा बोला और उनसे एक लाख रुपये की चंदा राशि की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर उन्हें जबरन घर से उठाकर एक 'सालिसी सभा' (कथित पंचायत) में ले जाया गया, जहाँ उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। सुदीप्तो ने इस पूरी साजिश के पीछे शंकर राउत नामक व्यक्ति का हाथ होने का दावा किया है।

विधायक और विपक्ष की प्रतिक्रिया

इस घटना को लेकर इलाके में राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ गई है। भाजपा नेता सजल घोष ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सत्ता पक्ष को आड़े हाथों लिया। वहीं, बरानगर की विधायक सायंतिका बनर्जी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। विधायक ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस घटना का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

पुलिस की चेतावनी

बरानगर थाना पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुँचा जा सके। पुलिस ने साफ कर दिया है कि इलाके में शांति व्यवस्था भंग करने वाले और व्यापारियों को डराने-धमकाने वाले तत्वों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जाएगी।

SCROLL FOR NEXT