सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

बरानगर में दुर्गा पूजा चंदे को लेकर विवाद !

व्यापारी ने पूजा समिति पर लगाया धमकी का आरोप

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बरानगर : बरानगर स्थित देशबंधु रोड पर दुर्गा पूजा के चंदे को लेकर एक व्यापारी और पूजा समिति के बीच विवाद का मामला सामने आया है। व्यवसायी सुदीप्त घोष का आरोप है कि बुधवार रात करीब 10 बजे 'सम्मिलित युवकवृंद' द्वारा संचालित बराहनगर सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के तीन युवक उनके आवास पर चंदा मांगने आए थे। उस समय घर पर मौजूद न होने के कारण उन्होंने फोन पर अगली सुबह आने को कहा। व्यापारी का दावा है कि इसके बाद उनके साथ फोन पर अभद्रता की गई और बाद में उनके कार्यालय पहुंचकर धमकी भी दी गई।

पुलिस में दर्ज कराई शिकायत,जांच शुरू

सुरक्षा की चिंता जताते हुए सुदीप्त घोष ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और व्यक्तिगत अंगरक्षक (बॉडीगार्ड) रखने की अनुमति मांगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक के नाम का इस्तेमाल कर उन्हें धमकी दी गई और खाली बिल दिया गया।

दूसरी ओर, पूजा समिति के सचिव प्रणब दास ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि चंदा मांगने की बात सही है, लेकिन मारपीट या धमकी देने का दावा पूरी तरह बेबुनियाद है। वहीं, बराहनगर से भाजपा विधायक सजल घोष ने कहा कि व्यापारी द्वारा भेजे गए वीडियो में धमकी या जबरन वसूली जैसी कोई बात नहीं दिख रही है और इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

SCROLL FOR NEXT