केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर : उत्तर 24 परगना जिले के बरानगर के 17 नंबर वार्ड से सटे लेकपल्ली इलाके में मंगलवार को एक बंद फ्लैट से युवती का शव बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई। इस घटना ने उस समय और गंभीर मोड़ ले लिया, जब आज ही मृतका के गायब मोबाइल फोन से उसके परिजनों को कथित तौर पर धमकी भरे संदेश मिले। एक संदेश में लिखा था, ''तुम लोगों के बीच ही हूं, लेकिन पकड़ नहीं पाओगे।'' इस खुलासे के बाद युवती की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतका के जीजा अपनी पत्नी के साथ करीब चार वर्षों से उक्त फ्लैट में रहते थे, लेकिन फिलहाल व्यवसाय के सिलसिले में श्रीरामपुर में हैं। सोमवार रात फ्लैट की चाबी पड़ोसी लतिका मन्ना के पास छोड़ दी गई थी। मंगलवार दोपहर युवती चाबी लेकर पांचवीं मंजिल स्थित फ्लैट में गई थी। बाद में उसकी बहन ने फोन किया, लेकिन जवाब नहीं मिलने पर पड़ोसियों से संपर्क किया। दरवाजा नहीं खुलने पर बरानगर थाने को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया।
शरीर पर चोट के निशान, कई सामान गायब
मृतका के भाई शिवम साव का दावा है कि अस्पताल में युवती के गले और चेहरे पर चोट के निशान मिले। उसके कपड़े भी फटे हुए थे। परिवार के अनुसार, पर्स, मोबाइल फोन, घड़ी, अंगूठी, ब्रेसलेट और कान के झुमके भी गायब हैं। परिवार को संदेह है कि मृतका का मोबाइल एक परिचित युवक के पास है। भाई के अनुसार, आज फोन कुछ देर के लिए चालू हुआ। उस पर 'हाय' लिखकर संदेश भेजने पर जवाब मिला, ''जो जानने या पूछने की इच्छा है, पूछने पर जवाब मिलेगा।'' इसके बाद दूसरा संदेश आया, ''तुम लोगों के बीच ही हूं, लेकिन पकड़ नहीं पाओगे।'' फिर फोन बंद हो गया। बरानगर के विधायक सजल घोष ने इसे सुनियोजित हत्या बताया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और फॉरेंसिक साक्ष्यों की जांच कर रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।