निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बशीरहाट : उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट जल सीमा क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल (BSF) की गोलीबारी में एक बांग्लादेशी तस्कर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना तक घटी जब 74वीं बटालियन के सोलादाना इलाके में बीएसएफ के जवान नियमित गश्त पर थे। इस घटना के बाद से सीमावर्ती इलाकों में भारी तनाव और सनसनी फैल गई है।
बीएसएफ अधिकारियों के अनुसार, बुधवार शाम को सोलादाना के जलीय सीमा क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति को अवैध रूप से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर बांग्लादेश की ओर जाते देखा गया। ड्यूटी पर तैनात जवानों ने उसे रुकने और आत्मसमर्पण करने की कड़ी चेतावनी दी। अधिकारियों का दावा है कि बार-बार निर्देश देने के बावजूद संदिग्ध व्यक्ति पीछे हटने के बजाय जवानों की ओर बढ़ने लगा, जिसके बाद स्थिति को भांपते हुए जवानों ने फायरिंग कर दी।
गोली लगने के बाद तस्कर पानी में गिर गया, जिसे बीएसएफ जवानों ने तुरंत रेस्क्यू किया। घायल अवस्था में उसे पहले बसीरहाट जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी बिगड़ती शारीरिक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया है।
इस मुठभेड़ के बाद बसीरहाट सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। घुसपैठ और तस्करी की घटनाओं को रोकने के लिए बीएसएफ ने अतिरिक्त जवानों की तैनाती की है और जल सीमाओं पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।