सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

अवैध रूप से भारत लाकर पत्नी को किया गया कैद, इंसाफ के लिए अब कोर्ट की शरण में बांग्लादेशी पति !

नि​धि, सन्मार्ग संवाददाता

निमता: प्यार और सरहदों की तकरार के बीच एक अनोखा मामला सामने आया है। परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी करने की सजा एक बांग्लादेशी नागरिक को अपनी पत्नी से जुदा होकर भुगतनी पड़ रही है। आरोप है कि शादी के कुछ ही समय बाद पत्नी के मायके वाले उसे अवैध रूप से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कराकर भारत ले आए। अब अपनी पत्नी को वापस पाने के लिए पति अरिजीत सरकार दर-दर की ठोकरें खाने के बाद कोलकाता हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने जा रहे हैं।

बिना वीजा-पासपोर्ट भारत में घुसपैठ का आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अरिजीत की पत्नी को बिना किसी वैध दस्तावेज के उत्तर 24 परगना के निमता थाना क्षेत्र में उनके एक रिश्तेदार के घर छिपाकर रखा गया था। अरिजीत जब वैध वीजा लेकर अपनी पत्नी को लेने निमता पहुंचे, तो वहां उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। अरिजीत का दावा है कि उन्होंने स्थानीय थाने से लेकर प्रशासन के हर स्तर पर गुहार लगाई, लेकिन मदद के बजाय उन्हें ही प्रताड़ित किया गया। थक-हारकर अब वे सोमवार को कोलकाता हाईकोर्ट में मामला दायर करेंगे।

पड़ोसियों का दावा: घर छोड़कर भागे आरोपी

विराटी इलाके के जिस घर (मौली साहा और उत्तम साहा का आवास) में महिला को कैद करने का आरोप है, वहां फिलहाल ताला लटका है। समाचार माध्यमों के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। मकान मालिक का कहना है कि वे तीन साल से वहां किराए पर रह रहे थे, लेकिन उन्हें इस साजिश की भनक नहीं थी। वहीं, एक पड़ोसी ने बताया कि उन्होंने महिला को एक महीने पहले देखा था, जिसके बाद से वह लापता है।

SCROLL FOR NEXT