निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बनगांव : पड़ोसी देश बांग्लादेश में राष्ट्रीय चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हैं। जून 2024 के 'गण-अभ्युत्थान' और शेख हसीना के देश छोड़ने के बाद बदले राजनीतिक परिदृश्य में हो रहे इस चुनाव की संवेदनशीलता को देखते हुए भारतीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य कर दी गई है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने पेट्रापोल बॉर्डर सहित उत्तर 24 परगना के तमाम सीमावर्ती इलाकों में 'हाई अलर्ट' जारी कर दिया है। वहीं बांग्लादेश चुनाव के मद्देनजर भारत और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय व्यापार को फिलहाल 3 दिनों के लिए बंद रखा गया है। पेट्रापोल क्लियरिंग फॉरवर्डिंग एजेंट एसोसिएशन के सचिव कार्तिक चक्रवर्ती ने बताया कि चुनाव के कारण बुधवार और गुरुवार को व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी। चूंकि शुक्रवार को नियमित अवकाश होता है, इसलिए लगातार तीन दिनों तक आयात-निर्यात बंद रहेगा। हालांकि इसका सीधा असर दोनों देशों के व्यापारिक टर्नओवर पर पड़ सकता है।
उस पार अशांति की आंच रोकने को थल से जल तक बीएसएफ मुस्तैद
वहीं बीएसएफ के आला अधिकारियों के अनुसार, चुनाव के दौरान सीमा पार से किसी भी तरह की घुसपैठ या अशांति की आशंका के मद्देनजर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। न केवल थल, बल्कि नदी मार्गों (इच्छामती नदी) पर भी छोटी नावों के जरिए बीएसएफ के जवान दिन-रात गश्त लगा रहे हैं। बॉर्डर इलाके में संदिग्धों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखी जा रही है। बांग्लादेश में अस्थिरता के बाद से ही लोगों का आना-जाना काफी कम हो गया था, लेकिन चुनाव के ठीक पहले पेट्रापोल बॉर्डर पर सन्नाटा पसर गया है। इक्का-दुक्का लोग, जो चिकित्सा या अन्य जरूरी कामों से भारत आए थे, वही लौटते दिखे। उल्लेखनीय है कि चुनाव से कुछ घंटे पहले ही बांग्लादेश के विभिन्न हिस्सों से हिंसा की खबरें सामने आ रही हैं। इन घटनाओं का असर भारतीय सीमा पर न पड़े, इसके लिए स्थानीय पुलिस और बीएसएफ समन्वय बनाकर काम कर रहे हैं। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि सीमा पार की राजनीतिक उठापटक का असर देश के आंतरिक अमन-चैन पर किसी भी सूरत में नहीं पड़ने दिया जाएगा।