बैरकपुर : उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव में तृणमूल कांग्रेस के नेता और बनगांव पंचायत समिति के उपाध्यक्ष जफर अली मंडल एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। हथियार रखने के मामले में गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनके घर की तलाशी ली, जहां से 21 हजार रुपये के नकली नोट बरामद होने का दावा किया गया है। बरामद सभी नोट 500 रुपये के हैं। इस घटना के बाद पुलिस अब नकली नोटों के स्रोत और उनके नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तारी के बाद जफर अली मंडल से हिरासत में पूछताछ की गई। इस दौरान मिली जानकारी के आधार पर बनगांव थाने की पुलिस ने रामकृष्णपल्ली स्थित उनके घर पर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान 500 रुपये के 42 नकली नोट मिले। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये नोट कहां से लाए गए थे और इनके पीछे किसी संगठित गिरोह की भूमिका तो नहीं है।
गौरतलब है कि जफर अली मंडल को हथियार रखने के आरोप में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(A) के तहत गिरफ्तार किया गया था। उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के अलावा यौन उत्पीड़न, लूटपाट और मारपीट से जुड़े आरोपों की भी जांच चल रही है। अब नकली नोटों की बरामदगी ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
पुलिस के सामने अब यह सवाल है कि नकली नोटों की आपूर्ति कहां से हुई और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह भी शामिल है। जांच अधिकारियों का मानना है कि इन सवालों के जवाब जानने के लिए जफर से आगे पूछताछ जरूरी है। पुलिस हथियार मामले के साथ-साथ नकली नोटों के लेन-देन की भी जांच कर रही है।
जफर अली मंडल पर वर्ष 2023 के पंचायत चुनाव के दौरान भी गंभीर आरोप लगे थे। आरोप है कि नकली वोटों का विरोध करने पर उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर एक भाजपा उम्मीदवार और उनके पति पर हमला किया था। अब नकली नोटों की बरामदगी के बाद तृणमूल नेता एक बार फिर पुलिस जांच के दायरे में हैं।