बानरहाट : कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के साथ जरूरतमंदों की सहायता करना भी पुलिस की जिम्मेदारी है। बानरहाट पुलिस ने मानवीय पहल करते हुए नाथुआ बाजार में असहाय अवस्था में मिले बीरभूम जिले के एक युवक को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया। पुलिस के इस प्रयास की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर को बानरहाट थाना क्षेत्र के नाथुआ बाजार में करीब 30 वर्षीय युवक असहाय अवस्था में घूमता मिला। उसकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिसकर्मी उसे थाने ले आए। युवक की पहचान बापन दे के रूप में हुई, जो बीरभूम जिले के सैंथिया थाना अंतर्गत सैंथिया की 4 नंबर लेन का निवासी है। युवक की पहचान और उसके परिजनों का पता लगाने के लिए बानरहाट पुलिस ने जांच शुरू की। इस दौरान सैंथिया थाने से संपर्क किया गया। आधार कार्ड के सत्यापन और वहां से मिली जानकारी के आधार पर युवक की पहचान तथा परिवार का विवरण सुनिश्चित किया गया। आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद रविवार को बापन दे को उनकी मां शेफाली दे के सुपुर्द कर दिया गया। बेटे के सुरक्षित वापस लौटने पर परिवार ने राहत की सांस ली। पुलिस की इस पहल ने एक बार फिर खाकी वर्दी के मानवीय पक्ष को उजागर किया है। स्थानीय लोगों ने जरूरतमंद युवक की सहायता कर उसे परिवार से मिलाने के लिए बानरहाट पुलिस की सराहना की।