बरामद किया गया कैश  REP
टॉप न्यूज़

आरपीएफ ने युवक को करीब 33 लाख कैश के साथ दबोचा

बामनगाछी स्टेशन पर चुनाव से पहले बड़ी कार्रवाई

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की आहट के साथ ही राज्य में अवैध धन और मादक पदार्थों के खिलाफ निगरानी सख्त कर दी गई है। इसी क्रम में शनिवार को उत्तर 24 परगना के बारासात स्थित बामनगाछी स्टेशन पर आरपीएफ (RPF) ने एक बड़ी सफलता हासिल की। स्टेशन पर नियमित तलाशी अभियान के दौरान एक युवक को हिरासत में लिया गया, जिसके पास से कुल 32 लाख 97 हजार 400 रुपये नकद बरामद हुए।

युवक इस बड़ी राशि के स्रोत या इसे ले जाने से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। संतोषजनक जवाब न मिलने पर आरपीएफ ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोलकाता आयकर विभाग (Income Tax Department) को सूचित कर दिया गया है, जो अब इस धन के असली मालिक और इसके चुनावी कनेक्शन की जांच कर रहा है।

आयकर विभाग को सौंपी गई जांच, युवक से पूछताछ जारी

बामनगाछी में पकड़े गए युवक से गहन पूछताछ की जा रही है कि आखिर चुनाव के ठीक पहले वह इतनी बड़ी रकम कहाँ और किसके पास ले जा रहा था। प्रारंभिक जांच में इसे चुनावी खर्च या हवाला से जोड़कर देखा जा रहा है। चूंकि चुनाव आयोग ने पहले ही सभी केंद्रीय और राज्य एजेंसियों को अवैध नकदी के लेन-देन पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया है, इसलिए बामनगाछी की इस जब्ती को सुरक्षा एजेंसियां बड़ी कामयाबी मान रही हैं।

पूरे राज्य के रेलवे स्टेशनों पर सघन तलाशी, भारी मात्रा में गांजा जब्त

बामनगाछी के अलावा राज्य के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी शनिवार को आरपीएफ का एक्शन देखने को मिला। हावड़ा स्टेशन से 14 किलो गांजा (कीमत 6.70 लाख), मालदा टाउन से 10 किलो गांजा और न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) से भी करीब 4.75 लाख रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया गया है। आरपीएफ सूत्रों के अनुसार, राज्य भर में चल रही इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए इस्तेमाल होने वाले धन और नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाना है।

SCROLL FOR NEXT