टॉप न्यूज़

कॉलेज यूनियन रूम से निकले नोटों के बैग, दीमक ने किया चट

सुरेंद्रनाथ कॉलेज में अलमारी से बरामद हुई बड़ी रकम, BJP ने उठाए सवाल; छात्र नेताओं की गिरफ्तारी की मांग

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर पैसों की बरामदगी को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। इस बार मामला किसी नेता के घर या खेत का नहीं, बल्कि कोलकाता के प्रतिष्ठित सुरेंद्रनाथ कॉलेज के छात्र संघ कक्ष (यूनियन रूम) का है। यहां एक बंद अलमारी से दीमक लगे नोटों से भरे दो बैग मिलने के बाद हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को कोलकाता नगर निगम के अधिकारियों ने कॉलेज परिसर में सफाई और निरीक्षण के दौरान यूनियन रूम का ताला खोलने का निर्देश दिया। शिक्षकों की अनुमति के बाद सफाई कर्मचारियों ने कमरे का ताला तोड़ा। इसके बाद अलमारी की जांच के दौरान दो बैगों में बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई, जिनमें कई नोट दीमक से क्षतिग्रस्त पाए गए।

हालांकि बरामद रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि दोनों बैगों में 50 से 60 लाख रुपये तक हो सकते हैं। इस घटना के सामने आने के बाद शिक्षा संस्थान में इतनी बड़ी रकम के स्रोत को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं।

मामले को लेकर भाजपा विधायक सजल घोष ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले पार्थ चटर्जी से जुड़े मामले में करोड़ों रुपये मिले, फिर तृणमूल नेताओं से नकदी बरामद हुई और अब कॉलेज यूनियन रूम से लाखों रुपये निकल रहे हैं।

सजल घोष ने कहा कि यह छात्रों की फीस और जनता के पैसे से जुड़ा गंभीर मामला हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेजों में अवैध रूप से धन संग्रह और प्रवेश प्रक्रिया में भ्रष्टाचार की जांच होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने छात्र राजनीति से जुड़े जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग भी की।

फिलहाल पुलिस और संबंधित प्रशासनिक एजेंसियों की ओर से मामले की जांच शुरू किए जाने की संभावना जताई जा रही है। कॉलेज प्रशासन की ओर से भी इस रकम के स्रोत और इसके यूनियन रूम तक पहुंचने को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

इस घटना ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था और छात्र राजनीति में वित्तीय पारदर्शिता को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

SCROLL FOR NEXT