सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

बागनान को मिलेगा नगरपालिका का दर्जा, वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : राज्य के राज्य बजट में हावड़ा जिले के बागनान को नगरपालिका (पालिका) का दर्जा देने की घोषणा के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। लंबे समय से चली आ रही स्थानीय लोगों की मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। अब तक पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला बागनान तेजी से विकसित होकर एक आधुनिक शहरी क्षेत्र का रूप ले चुका है। हावड़ा-खड़गपुर रेल मार्ग के किनारे स्थित बागनान में पिछले कुछ वर्षों में कई निजी आवासीय परियोजनाएं, शॉपिंग मॉल, होटल, आधुनिक रेस्तरां और नामी ब्रांडों के शोरूम स्थापित हुए हैं। इसके बावजूद यहां के लोगों को पंचायत व्यवस्था के तहत ही रहना पड़ रहा था, जिससे कई नागरिक सुविधाओं के विकास में बाधाएं आ रही थीं।

सड़क, नाली, पेयजल व अन्य नागरिक सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा

स्थानीय निवासियों का मानना है कि नगरपालिका बनने के बाद सड़क, नाली, पेयजल, कचरा प्रबंधन और अन्य नागरिक सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। पर्यावरणविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे क्षेत्र की स्वच्छता और आधारभूत ढांचे के विकास को गति मिलेगी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, बागनान-1, बागनान-2 और खालोर ग्राम पंचायतों को मिलाकर नई नगरपालिका गठित की जा सकती है। आवश्यकता पड़ने पर नुन्टिया और बाटुल क्षेत्रों को भी इसमें शामिल किया जा सकता है। प्रस्तावित नगरपालिका क्षेत्र की जनसंख्या लगभग 64 हजार बताई जा रही है। नगरपालिका का दर्जा मिलने से बागनान के शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी और क्षेत्र के लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

SCROLL FOR NEXT