सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

बादुड़िया हत्याकांड: बीएलओ का करीबी प्रदीप मंडल पुलिस के हत्थे चढ़ा

युवक के शव को टुकड़ों में काटने का है आरोप

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बशीरहाट : उत्तर 24 परगना के बादुड़िया में तृणमूल कार्यकर्ता नासिर मंडल की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी प्रदीप मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी बीएलओ (BLO) रिजवान हसन मंडल और उसके साथी सागर गायन को पुलिस पहले ही दबोच चुकी है। आरोप है कि नासिर की हत्या करने के बाद उसके शव को कई हिस्सों में काटकर प्लास्टिक के बैगों में भरकर अलग-अलग जलाशयों और नहरों में फेंक दिया गया था।

दस्तावेजों के बहाने बुलाकर रची गई थी मौत की साजिश

जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी रिजवान की पत्नी के साथ नासिर के संबंधों के शक में इस खूनी साजिश को अंजाम दिया गया। 13 फरवरी को रिजवान ने नासिर को एसआईआर (SIR) से संबंधित जरूरी कागजात दिखाने के बहाने 'लालकुठी' इलाके में बुलाया था। तब से ही नासिर लापता था। पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो जमुना नदी से नासिर की मोटरसाइकिल बरामद हुई, जिससे हत्या का शक पुख्ता हो गया।

शव को ठिकाने लगाने में प्रदीप की मुख्य भूमिका

पुलिस के अनुसार, प्रदीप मंडल इस जघन्य अपराध में सीधे तौर पर शामिल था। उसने शव को खंडित करने और साक्ष्य मिटाने में आरोपियों की मदद की थी। मंगलवार को प्रदीप को बसीरहाट अदालत में पेश किया गया, जहाँ पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की योजना बनाई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि प्रदीप पहले भी कई असामाजिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब शव के उन हिस्सों को बरामद करने की कोशिश कर रही है, जिन्हें अलग-अलग नहरों में फेंका गया था।

SCROLL FOR NEXT