सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

बादुड़िया कांड : मृतक की पत्नी ने किया सुसाइड का प्रयास, अवैध संबंधों का हुआ था खुलासा !

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बसीरहाट/हाबड़ा: उत्तर 24 परगना के बादुड़िया में तृणमूल कार्यकर्ता नासिर अली की नृशंस हत्या के बाद अब उनके परिवार में एक और त्रासदी सामने आई है। नासिर की 27 वर्षीय पत्नी, ब्यूटी खातून ने मंगलवार शाम कीटनाशक खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में हाबड़ा स्टेट जनरल अस्पताल में भर्ती कराया है, जहाँ उनका उपचार चल रहा है।

मानसिक अवसाद और प्रेम प्रसंग की परतें

बसीरहाट पुलिस जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ. हुसैन मेहंदी रहमान के अनुसार, मुख्य आरोपी बीएलओ (BLO) रिजवान हसन मंडल और ब्यूटी खातून के बीच प्रेम संबंध थे। करीब डेढ़ साल पहले नासिर को इस रिश्ते की भनक लग गई थी, जिसके बाद से ही नासिर और रिजवान के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पति की मौत के बाद अवैध संबंधों की बात सार्वजनिक होने और सामाजिक लोक-लाज के कारण ब्यूटी गहरे मानसिक अवसाद (Depression) में चली गईं, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया।

नृशंस हत्या की यादें अब भी ताजा

गौरतलब है कि बीएलओ रिजवान ने दस्तावेजों के बहाने नासिर को बुलाकर उसकी हत्या कर दी थी और शव के टुकड़े-टुकड़े कर अलग-अलग नहरों में फेंक दिए थे। पुलिस इस मामले में रिजवान, उसके साथी सागर गाइन और हाल ही में पकड़े गए प्रदीप मंडल से पूछताछ कर रही है। ब्यूटी खातून के आत्मघाती कदम ने इस मामले को और अधिक पेचीदा बना दिया है। पुलिस अस्पताल में उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है ताकि होश में आने पर उनके बयान दर्ज किए जा सकें।

SCROLL FOR NEXT