सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बाबा गंगाराम सेवा समिति, कोलकाता के स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को स्थानीय बिधान गार्डन में भव्य स्वर्ण जयंती महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ किया गया। महोत्सव में झुंझुनुवाले विष्णुअवतारी श्री बाबा गंगाराम, भक्त शिरोमणि देवकीनंदन जी, परम आराधिका माता गायत्री एवं पंचदेवों की आकर्षक झांकियां सजाई गईं, जिन्होंने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे डॉ. कैलाश चंद्र केडिया द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद नवीन जोशी के नेतृत्व में सामूहिक अमृतवाणी पाठ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायकों संजय शर्मा, निहाल ठकरान, अभिषेक शर्मा एवं खुशबू पोद्दार ने अपने मधुर भजनों से भक्तों को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। मुंबई, हैदराबाद, पुणे, पटना, राउरकेला और दिल्ली सहित देशभर से आए श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ा दी। सेवा कार्यों के अंतर्गत समिति द्वारा जरूरतमंदों को सिलाई मशीन, व्हीलचेयर, वॉटर फिल्टर, टेबल फैन तथा वंचित विद्यार्थियों को स्कूल बैग एवं अध्ययन सामग्री वितरित की गई। समारोह में उद्योग मंत्री तापस रॉय, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शारद्वत मुखर्जी, शहरी विकास मंत्री उमेश राय, समाजसेवी सुशील गोयनका, मालीराम जी शास्त्री, बिमल बैंगानी, रमेश सारावगी, मनीष सराफ, सज्जन बसंल, अमर भरतिया, सुभाष मुरारका, संतोष सराफ, अनिल गोयल, प्रकाश चडांलिया, मनोज साव सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों और समाजसेवियों ने भाग लेकर समिति के सेवा कार्यों की सराहना की। अंत में संरक्षक सुबीर पोद्दार, विश्वंभर दयाल घुवालेवाला एवं अध्यक्ष सत्यनारायण सरावगी ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। समिति सचिव संदीप मोदी ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने मे सुशील मोदी, अरविंद जालान, सजंय चिरानिया, गोपाल अग्रवाल, विजय अग्रवाल, अनूप मोदी, पंकज-अमित सुरेका सहित सभी युवा कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।