टॉप न्यूज़

अटॉर्नी जनरल के बाद FBI डायरेक्टर काश पटेल पर भी खतरा

व्हाइट हाउस में कई बड़े अधिकारियों को हटाने पर चर्चा तेज, ईरान युद्ध के बाद बदला ट्रंप का रुख

अमेरिका में अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी को हटाए जाने के बाद ट्रंप प्रशासन में बड़े फेरबदल की चर्चा तेज हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक व्हाइट हाउस में कई शीर्ष अधिकारियों को हटाने पर विचार चल रहा है, जिनमें FBI डायरेक्टर काश पटेल का नाम भी शामिल है।

बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में कई बड़े पदों पर बदलाव हुए हैं। पिछले महीने होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम को हटाया गया था, जबकि रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ रैंडी जॉर्ज को पद से हटा दिया। अब पाम बॉन्डी के जाने के बाद और भी बड़े फैसलों की चर्चा शुरू हो गई है।

रिपोर्ट के अनुसार व्हाइट हाउस के अंदर आर्मी सेक्रेटरी डेनियल ड्रिस्कॉल और लेबर सेक्रेटरी लोरी चावेज-डीरेमर को हटाने पर भी सक्रिय चर्चा चल रही है। हालांकि इन फैसलों पर अभी अंतिम मुहर नहीं लगी है।

बताया जा रहा है कि पहले डोनाल्ड ट्रंप अपने वरिष्ठ सहयोगियों को हटाने से बचते थे, क्योंकि उन्हें लगता था कि ऐसा करना डेमोक्रेट्स और मीडिया के दबाव के आगे झुकना होगा। लेकिन ईरान युद्ध शुरू होने के बाद समर्थन में आई गिरावट ने उनके रुख को बदल दिया है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि क्रिस्टी नोएम को हटाने के बाद जिस तरह की प्रतिक्रिया मिली, उससे ट्रंप को और कदम उठाने के लिए प्रोत्साहन मिला। इसी बीच काश पटेल को हटाने की अटकलें भी तेज हो गई हैं। पूर्व FBI एजेंट काइल सेराफिन ने दावा किया कि ट्रंप प्रशासन में जल्द बड़ा बदलाव हो सकता है और काश पटेल को हटाया जा सकता है।

हालांकि रिपोर्ट में यह भी साफ किया गया है कि अभी तक इस मामले में कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है और ट्रंप ने अभी अपना मन नहीं बनाया है। सूत्रों के मुताबिक फैसले की टाइमिंग को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है।

SCROLL FOR NEXT