कोलकाता : कोलकाता एयरपोर्ट पर मंगलवार को अपने खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन के बाद तृणमूल कांग्रेस सांसद सौगत राय ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें एयरपोर्ट एडवाइजरी कमेटी के चेयरमैन पद से इस्तीफा देने के लिए सुनियोजित तरीके से दबाव बनाया जा रहा है। सौगत ने दो टूक कहा, ‘‘वे चाहते हैं कि मैं इस्तीफा दे दूं, लेकिन मैं इस्तीफा नहीं दूंगा।’’
मंगलवार को एयरपोर्ट अथॉरिटी के कार्यालय में बैठक के लिए पहुंचे सौगत राय की गाड़ी को प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया। उन्हें काले झंडे दिखाये गये और ‘गो बैक’ तथा ‘चोर-चोर’ के नारे लगाये गये। प्रदर्शनकारियों ने जूते भी दिखाये।
सौगत ने गाड़ी का शीशा नीचे कर प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने उनकी बात सुनने से इनकार कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों ने सौगत को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना के बाद मीडिया से बातचीत में सौगत ने प्रदर्शन को ‘‘बेहद निंदनीय और शर्मनाक’’ बताया। उन्होंने कहा कि एक सरकारी बैठक में शामिल होने आए वरिष्ठ सांसद के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए शर्मनाक है।
सौगत ने आरोप लगाया कि यह अचानक हुआ विरोध नहीं था, बल्कि उनके खिलाफ राजनीतिक दबाव बनाने की सुनियोजित कोशिश थी। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट एडवाइजरी कमेटी के चेयरमैन पद से हटाने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी भी दबाव के आगे झुकने वाले नहीं हैं और अपने पद से इस्तीफा नहीं देंगे।