सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

मध्यमग्राम: टीएमसी पार्षद के घर पर धारदार हथियार से हमला, अभियुक्त गिरफ्तार

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

मध्यमग्राम: उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम नगरपालिका अंतर्गत वार्ड नंबर 14 के तृणमूल कांग्रेस (TMC) पार्षद सुशांत राय के घर पर मंगलवार सुबह अचानक हुए हमले से हड़कंप मच गया। आरोप है कि इलाके के ही एक बीजेपी कार्यकर्ता लोकनाथ दास ने पार्षद के घर में घुसकर धारदार हथियार (कत्तारी) से हमला करने की कोशिश की।

बाल-बाल बची पार्षद की पत्नी

जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह की है जब पार्षद सुशांत राय सो रहे थे। उनकी पत्नी रूपाली राय घर के बाहर पूजा के बर्तन साफ कर रही थीं। तभी अचानक आरोपी लोकनाथ दास हाथ में धारदार हथियार लेकर पहुँचा और उन पर हमला करने के लिए झपटा। रूपाली राय ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और शोर मचाया। पत्नी की चीख सुनकर जब पार्षद सुशांत राय नीचे आए, तब तक आरोपी पास की एक गली से फरार हो चुका था।

राजनीतिक साजिश या व्यक्तिगत रंजिश?

पार्षद सुशांत राय ने इस घटना को एक गहरी राजनीतिक साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि वह 2009 से इस वार्ड के पार्षद हैं और आगामी चुनावों से पहले इलाके में दहशत फैलाने और उनकी हत्या करने के उद्देश्य से यह हमला किया गया है। दूसरी ओर, सूचना मिलते ही मध्यमग्राम थाने की पुलिस मौके पर पहुँची और तत्परता दिखाते हुए आरोपी बीजेपी कार्यकर्ता लोकनाथ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हमले के पीछे राजनीतिक कारण थे या कोई व्यक्तिगत विवाद। फिलहाल इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

SCROLL FOR NEXT