फाइल फोटो 
टॉप न्यूज़

गुजरात-एमपी में जैश-ए-मोहम्मद के 8 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, एटीएस ने सक्रिय नेटवर्क की साजिश नाकाम की

गुजरात एटीएस की समन्वित कार्रवाई में आतंकी दबोचे गए, संगठन का सक्रिय नेटवर्क खड़ा कर भविष्य में हमलों की साजिश रचने की योजना थी, एजेंसियां संपर्कों और फंडिंग की कड़ियां खंगाल रहीं

गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात और मध्य प्रदेश से जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) से जुड़े 8 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। एटीएस का दावा है कि ये आरोपी गुजरात में संगठन का सक्रिय नेटवर्क तैयार करने की कोशिश कर रहे थे, ताकि भविष्य में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम दिया जा सके। सुरक्षा एजेंसियां अब आरोपियों के संपर्कों, उनके नेटवर्क और संभावित योजनाओं की गहराई से जांच कर रही हैं।

'मजबूत नेटवर्क बनाने की कोशिश'

एटीएस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हुए हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि ये लोग संगठन के लिए नए लोगों को जोड़ने और गुजरात में एक मजबूत नेटवर्क बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे । एजेंसी को आशंका है कि इस नेटवर्क का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए किया जा सकता था। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके डिजिटल तथा वित्तीय रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।

लंबे समय से नजर थी इन पर

एटीएस ने यह कार्रवाई गुजरात और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में एक साथ की। जांच एजेंसी को लंबे समय से इन संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर थी। शुरुआती जांच में मिले इनपुट के आधार पर छापेमारी कर सभी आठ आरोपियों को हिरासत में लिया। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

गिरफ्तार किए गए आरोपी हैं- इब्राहिम मोहम्मद हुसैन घाघा उर्फ अबू हमजा (30), अहमद अब्दुल्ला गाजीवाला उर्फ अबू उबैदा (19), मुदस्सिर अब्दुल्ला गाजीवाला उर्फ अबू आया (22), जकारिया दुरानी मोहम्मद अम्मार घाघा उर्फ इब्न अम्मार उर्फ जकारिया पालनपुरी (21), मुफ्ती फौजान इस्माइल दौवा उर्फ मुफ्ती साहब (40), मोहम्मद अमीन शेरा उर्फ अमीन पालनपुरी (21), मोहम्मद अब्दुल रहमान सावदी उर्फ मोहम्मद पालनपुरी उर्फ अबू उनीसा (22) और बिलाल दुरानी मोहम्मद अम्मार घाघा उर्फ अबू दुजाना उर्फ अबू सुफियान उर्फ अबू जुंदाल उर्फ उमर बिन खत्ताब (18) ।

कई जिलों से जुड़े हैं आरोपियों के तार

गिरफ्तार आरोपियों में कुछ बनासकांठा जिले के पालनपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि कुछ पाटन और नवसारी स्थित मदरसों से जुड़े बताए गए हैं। वहीं एक आरोपी मध्य प्रदेश के देवास जिले का निवासी है। एटीएस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन सभी के बीच संपर्क कैसे स्थापित हुआ और संगठन के लिए उनकी भूमिका क्या थी। एटीएस ने गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और आतंकी संगठन से कथित संबंधों के आरोपों की जांच शुरू कर दी है।

SCROLL FOR NEXT