फाइल फोटो  
टॉप न्यूज़

विधानसभा चुनाव : परिवहन विभाग ने वाहनों के किराये और भत्तों की नयी दरें घोषित की

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य परिवहन विभाग ने प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सोमवार को विभाग द्वारा जारी एक महत्वपूर्ण अधिसूचना के अनुसार, चुनाव ड्यूटी में तैनात किए जाने वाले वाहनों, जहाजों और लॉन्च के लिए किराए (Hiring Charges) और अन्य भत्तों की नयी दरें निर्धारित की गई हैं। परिवहन सचिव डॉ. सौमित्र मोहन द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से पिछले सभी पुराने आदेशों का स्थान लेगा

किराये की नयी तालिका हुई जारी

नये चार्ट के मुताबिक, बसों और बड़े वाहनों से लेकर ई-रिक्शा तक के लिए दैनिक किराये तय कर दिये गये हैं। इसके तहत बस को चुनाव कार्य के लिए लिये जाने पर किराया 2,780 रुपये और मिनी बसों का 2,300 रुपये प्रतिदिन तय किया गया है। मालवाहक वाहन जैसे छोटे गुड्स व्हीकल (2 मीट्रिक टन तक) के लिए 980 रुपये, जबकि भारी ट्रकों (16.5 मीट्रिक टन से अधिक) के लिए 3,150 रुपये प्रतिदिन का भुगतान होगा। ऑटो रिक्शा का किराया 550 रुपये और ई-रिक्शा (ईंधन सहित) का 850 रुपये प्रतिदिन निर्धारित है। लॉन्च और वेसल के मामलो में भी क्षमता के आधार पर इनका किराया 3,100 रुपये से लेकर 3,990 रुपये तक होगा।

खुराकी और भत्तों में भी की गयी वृद्धि

विभाग ने ड्राइवरों और खलासी (क्रू मेंबर्स) के हितों का ध्यान रखते हुए टिफिन/भोजन भत्ते (खुराकी) को 280 रुपये प्रतिदिन प्रति व्यक्ति तय किया है। यह राशि किराये से अलग होगी और सीधे संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रदान की जाएगी। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई वाहन 8 घंटे या उससे अधिक समय के लिए ड्यूटी पर रहता है, तो उसे पूरे दिन का किराया मिलेगा। वहीं, 4 से 8 घंटे की ड्यूटी पर आधा दिन का शुल्क देय होगा। इसके अतिरिक्त, ईंधन खपत के लिए भी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिसमें बसों के लिए 3.5 से 4.5 किमी प्रति लीटर का माइलेज मानक तय किया गया है। चुनाव प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए 50% तक के अग्रिम भुगतान का भी प्रावधान रखा गया है। यह आदेश वित्त विभाग की सहमति के बाद आधिकारिक रूप से लागू कर दिया गया है।

SCROLL FOR NEXT