सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

विवाहेतर संबंध के चलते महिला की गला घोंटकर की गयी हत्या

मामले में अशोकनगर पुलिस ने किया प्रेमी को गिरफ्तार

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : बारासात के अशोकनगर थाना क्षेत्र के गुमा-2 नंबर ग्राम पंचायत अंतर्गत ताजपुर इलाके में सोमवार सुबह एक जलाशय से महिला का शव मिलने की घटना ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस जांच में यह साफ हो गया है कि महिला की स्वाभाविक मौत नहीं हुई थी, बल्कि विवाहेतर संबंध के चलते उसकी बेरहमी से हत्या की गई थी। पुलिस ने मृतका की पहचान 30 वर्षीया रिंकू दास के रूप में की है। इस हत्याकांड के सिलसिले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुतुबुद्दीन दफादार नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि शादीशुदा रिंकू का पिछले कुछ सालों से कुतुबुद्दीन के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। रिंकू अपने पति से अनबन के कारण एक किराए के मकान में अकेली रहती थी।

तालाब से बरामद किया गया था शव

हाल ही में दोनों के संबंधों में खटास आ गई थी। आरोप है कि बीते 3 जून को कुतुबुद्दीन ने रिंकू को गुमा इलाके में एक कैफे के पास बुलाया था। वहां दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद आरोपी ने रिंकू के गले में दुपट्टा घोंटकर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसने शव को पास के ही एक सुनसान जलाशय में फेंक दिया और फरार हो गया। कई दिन बीत जाने के कारण शव सड़ने लगा था और इलाके में दुर्गंध फैल गई थी, जिसके बाद सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने शव को पानी में तैरते देखा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

SCROLL FOR NEXT