प्रेमी जोड़े ने रचाई अनोखी शादी  REP
टॉप न्यूज़

दुर्गा मंडप में प्रेमी जोड़े ने रचाई अनोखी शादी: अशोकनगर में दर्शन के दौरान लिया सात फेरे

सोशल मीडिया का प्यार और खड़दह से अशोकनगर का सफर

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

खड़दह : दुर्गापूजा के पावन अवसर पर पंडाल घूमने और प्रतिमा दर्शन की चाहत एक युवती के जीवन में अनूठा मोड़ ले आई। पश्चिम बंगाल के खड़दह की रहने वाली सौमी दफादार की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए अशोकनगर के वार्ड नंबर 10 निवासी तनु अधिकारी से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की यह ऑनलाइन दोस्ती गहरे प्रेम संबंधों में बदल गई। हालांकि दोनों के परिवारों को इस रिश्ते की भनक थी, लेकिन सौमी के घरवाले इस रिश्ते के बिल्कुल खिलाफ थे। इसके बावजूद, सप्तमी-अष्टमी के माहौल में प्रेमी के साथ पूजा घूमने की इच्छा लेकर सौमी खड़दह से सीधे अशोकनगर पहुंच गई। इसी दौरान उसके परिवार को इसकी भनक लग गई और फोन पर उसे कड़ी फटकार लगाई गई।

घर लौटने के डर से नेताजी संघ की पहल पर दुर्गा मंडप में हुआ विवाह

सौमी को डर था कि घर वापस लौटने पर परिजन उसके साथ मारपीट कर सकते हैं और उसका मोबाइल फोन भी छीन सकते हैं। इन हालातों से घबराकर उसने घर न लौटने का फैसला किया। जब स्थानीय लोगों और नेताजी संघ क्लब के सदस्यों को इस बात की जानकारी मिली, तो उन्होंने मानवता दिखाते हुए दोनों की शादी कराने का निर्णय लिया। क्लब के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए माला, दूल्हे का मुकुट, साड़ी और शंख जैसी विवाह की सभी आवश्यक सामग्रियों का इंतजाम किया। देखते ही देखते स्थानीय लोगों और पंडाल में मौजूद सैकड़ों दर्शनार्थियों की मौजूदगी में मां दुर्गा के दरबार में दोनों एक-दूजे के हो गए। इस अनोखी शादी का गवाह बने लोगों ने इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में भी कैद किया। दशमी के दिन इस नवविवाहित जोड़े के लिए एक घरेलू भोज (बहुभात) का भी आयोजन किया गया, हालांकि इस पूरे मामले पर सौमी के परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

SCROLL FOR NEXT