मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : हाल ही में राज्य में हुई बेमौसम बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया था, लेकिन अब मौसम में फिर से बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार बारिश गुरुवार की रात से कम हो गयी है और आसमान धीरे-धीरे साफ हो गया है। इसके साथ ही तापमान में तेजी से वृद्धि दर्ज हो रही है। हालांकि पिछले कुछ दिनों में बारिश के चलते कोलकाता का अधिकतम तापमान गिरकर 26.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो सामान्य से लगभग 9 डिग्री कम है। इसी तरह दमदम में 27 डिग्री, बोलपुर में 29.1 डिग्री और कूचबिहार में 26.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह गिरावट अस्थायी है और आने वाले दिनों में स्थिति तेजी से बदल जाएगी।
सोमवार से उमस भरी गर्म हवाओं का बढ़ेगा असर
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 4 से 5 दिनों में दक्षिण बंगाल के कई जिलों में तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। सोमवार से खासकर पश्चिमी जिलों में गर्म और उमस भरी हवाओं का प्रभाव बढ़ने लगेगा, जिससे लोगों को असहज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। कोलकाता में भी बारिश के बाद बढ़ी नमी के कारण उमस अधिक महसूस होगी। हालांकि तापमान में वृद्धि के बावजूद मौसम विभाग ने अभी तक किसी भी प्रकार की लू (हीटवेव) की चेतावनी जारी नहीं की है। विशेषज्ञों का कहना है कि चैत्र महीने के अंत तक गर्मी का असर और बढ़ सकता है, लेकिन फिलहाल किसी गंभीर हीटवेव की संभावना नहीं है।