टॉप न्यूज़

मेसी इवेंट केस में फिर बढ़ीं अरूप विश्वास की मुश्किलें

7 जुलाई को बिधाननगर दक्षिण थाने में पेश होने का निर्देश

Bishakhaa Tiwari

फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी के कोलकाता दौरे से जुड़े कथित अव्यवस्था और वित्तीय अनियमितताओं के मामले में पूर्व खेल मंत्री अरूप विश्वास की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। बिधाननगर दक्षिण थाना पुलिस ने उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए तलब किया है। उन्हें 7 जुलाई सुबह 11 बजे थाने में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।

इससे पहले अरूप विश्वास कई बार पुलिस के समन के बावजूद पूछताछ में शामिल नहीं हुए थे। बाद में कोलकाता हाई कोर्ट के निर्देश के बाद उन्होंने 18 जून को पहली बार थाने में पेश होकर पूछताछ का सामना किया था। इसके बाद 22 जून को भी वह पुलिस के समक्ष उपस्थित हुए थे।

यह मामला पिछले वर्ष दिसंबर में युवभारती स्टेडियम में आयोजित मेसी से जुड़े कार्यक्रम में कथित अव्यवस्था और टिकटों की कालाबाजारी से जुड़ा है। इस मामले में आयोजक शतद्रु दत्त की गिरफ्तारी के बाद उन्होंने अरूप विश्वास पर टिकट ब्लैक करने, वित्तीय अनियमितता और पद के दुरुपयोग के आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।

हालांकि, कोलकाता हाई कोर्ट ने अरूप विश्वास को राहत देते हुए 17 अगस्त तक उनके खिलाफ किसी भी कठोर कार्रवाई पर रोक लगा रखी है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया था कि पुलिस जांच जारी रख सकती है और समन जारी करने से 48 घंटे पहले नोटिस देना होगा।

गौरतलब है कि थाने में पेशी के बाद अरूप विश्वास ने अपने राजनीतिक रुख में भी बदलाव किया था। उन्होंने पहले ममता बनर्जी के साथ रहने की बात कही, लेकिन बाद में ऋतब्रत बनर्जी के खेमे में शामिल हो गए, जहां उन्हें नई समिति में उपाध्यक्ष बनाया गया।

SCROLL FOR NEXT