सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

ऐप-कैब प्रबंधन की मनमानी के खिलाफ ड्राइवर्स के जताया विरोध

'यात्री साथी' के लिए निश्चित स्टैंड की भी रखी मांग

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : शहर में ऐप-कैब और 'यात्री साथी' (Yatri Sathi) के चालकों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को लेकर सोमवार को मैदान स्थित डब्ल्यूबीटीसी (WBTC) टेंट में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। राज्य के परिवहन सचिव डॉ. सौमित्र मोहन की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में परिवहन और पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ विभिन्न कैब यूनियनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान एआईटीयूसी (AITUC), सीटू (CITU) और ऑनलाइन ऐप कैब गिल्ड जैसे संगठनों के प्रतिनिधियों ने ऐप-कैब प्रबंधन के तानाशाही रवैये पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। यूनियन नेताओं ने मुख्य रूप से बिना किसी पूर्व सूचना के चालकों की आईडी ब्लॉक करने और अवैध रूप से किराये में कटौती करने जैसे मुद्दों को उठाया। साथ ही, 'यात्री साथी' ऐप कैब के लिए एक निश्चित किराया ढांचा तैयार करने और पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने की मांग भी जोर-शोर से की गई।

परिवहन सचिव ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

यूनियनों ने ट्रैफिक पुलिस का ध्यान इस ओर भी आकर्षित किया कि शहर के कुछ ट्रैफिक सिग्नल अचानक हरे से लाल हो जाते हैं, जिससे न केवल दुर्घटना का खतरा बढ़ता है, बल्कि चालकों पर ओवरटेकिंग के फर्जी मामले भी दर्ज कर लिए जाते हैं। उन्होंने 'यात्री साथी' के लिए निश्चित स्टैंड की भी मांग रखी। यूनियनों की मांग पर परिवहन सचिव ने आश्वासन दिया है कि प्रबंधन की मनमानी रोकने और चालकों की जायज मांगों को पूरा करने के लिए जल्द ही उचित कदम उठाए जाएंगे। बैठक में AITUC ऐप कैब व टैक्सी यूनियन के नवल किशोर श्रीवास्तव, CITU ऐप कैब यूनियन के मानस चौधरी, ऑनलाइन ऐप कैब गिल्ड के इंद्रनील बनर्जी AIUTUC यूनियन फॉर बाइक टैक्सी के शांति घोष समेत कई अन्य प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद रहे।

SCROLL FOR NEXT