जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित राय ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है। जस्टिस जय सेनगुप्त के कोर्ट में सोमवार को इस मेंशन किया गया। उन्होंने मामला दायर करने की अनुमति दे दी। इसके साथ ही सुनवाई की जाने का आदेश भी दिया। इधर पुलिस ने सुमित राय के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया है। यहां गौरतलब है कि सुमित राय की तलाश में पुलिस ने अभिषेक बनर्जी के घर पर रेड किया था। सुमित राय के खिलाफ खड़गपुर थाने में भूमि घोटाले को लेकर एक मामला दायर किया गया है। इसी भूमि घोटाले को लेकर पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक सुजय हाजरा को गिरफ्तार किया है। उनके दस्तावेजों की जांच करते समय यह पता चला कि एक मोटी रकम सुमित राय के अकाउंट में ट्रांसफर की गई है। पुलिस यह जानना चाह रही है कि क्या यह रकम इसी भूमि घोटाले से जुड़ी है। पुलिस के मुताबिक सुमित राय फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है। इसी गिरफ्तारी वारंट का हवाला देते हुए अग्रिम जमानत की याचिका दाखिल की गई है।