टॉप न्यूज़

क्लास 9-10 शिक्षक भर्ती में 23,209 पदों की घोषणा

नई वैकेंसी लिस्ट जारी

Munmun Thakur

आरक्षण में बदलाव से बढ़ी चिंता

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : वेस्ट बंगाल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन द्वारा कमीशन को भेजी गई और वेबसाइट पर पब्लिश की गई क्लास 9-10 की नई सूची के साथ कुल 23,209 वैकेंसी की घोषणा कर दी गई है। साल 2016 से 2026 के बीच शिक्षक भर्ती प्रक्रिया बेहद जटिल हो चुकी है, जहां भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच सुप्रीम कोर्ट ने अप्रैल 2025 में पूरे SSC 2016 पैनल को रद्द कर दिया था जिससे करीब 26,000 नौकरियां चली गई थीं। इसके बाद सितंबर 2025 में परीक्षा आयोजित हुई और नतीजे आए, लेकिन विधानसभा चुनावों से पहले केवल डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन ही हो सका और इंटरव्यू बाकी रह गए। इस बीच राज्य में सरकार बदलने के बाद OBC आरक्षण को 17% से घटाकर 7% कर दिया गया, जिससे कैटेगरी-वाइज वैकेंसी में भारी उतार-चढ़ाव आया है और क्लास 11-12 के बाद अब क्लास 9-10 की सूचियों में भी बदलाव किए गए हैं।

OBC उम्मीदवारों के सामने बढ़ीं मुश्किलें

भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने के बावजूद ''योग्य'' शिक्षकों की समस्याएं और अनिश्चितताएं अब भी पूरी तरह हल नहीं हुई हैं। ''योग्य शिक्षक-शिक्षिका अधिकार मंच'' के प्रतिनिधि राकेश आलम ने बताया कि इन पदों के लिए करीब 40,000 शिक्षकों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन पहले ही हो चुका था, लेकिन आरक्षण नियमों में बदलाव के कारण जहां जनरल कैटेगरी के नए उम्मीदवारों को मौका मिल सकता है, वहीं पहले से वेरीफाई हो चुके कई OBC उम्मीदवार बाहर हो सकते हैं। इसके अलावा 2025 की परीक्षा पास न कर पाने वाले योग्य शिक्षकों की मुश्किलें बरकरार हैं। इसके अलावा कुछ शिक्षकों के निधन के बाद उनके परिवारों को मदद देने की मांग उठ रही है। नौकरी गंवाने वाले शिक्षक इस बात पर सवाल उठा रहे हैं कि इस पूरी प्रक्रिया में न्याय कैसे सुनिश्चित होगा और वे चाहते हैं कि बिना किसी अन्याय के प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाए।

SCROLL FOR NEXT