निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा सरकार द्वारा महिलाओं के लिए घोषित अन्नपूर्णा भंडार योजना को लेकर हावड़ा की महिलाओं में निराशा देखी जा रही है। योजना के तहत हर महीने 3,000 रुपये देने की घोषणा की गई है, लेकिन कई महिलाओं का आरोप है कि ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन करने के बावजूद उनके खातों में अब तक राशि नहीं पहुंची है। हावड़ा अदालत परिसर स्थित समाज कल्याण विभाग के कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंच रही हैं। इसी तरह विभिन्न बीडीओ और पंचायत कार्यालयों में भी आवेदकों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। महिलाओं का कहना है कि आवेदन किए तीन महीने से अधिक हो चुके हैं, लेकिन अन्नपूर्णा भंडार की राशि नहीं मिली।
उठायी मांग,सरकार को जल्द समस्या का समाधान करना चाहिए
कई महिलाओं के अनुसार, उनके खाते में केवल एक बार राशि आई और बाद में भुगतान बंद हो गया। किसी को आवेदन की जांच चलने की बात कही जा रही है, तो किसी को दोबारा आवेदन करने या बैंक से संपर्क करने की सलाह दी जा रही है। बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने और अलग-अलग निर्देश मिलने से महिलाओं में निराशा है। उनका कहना है कि पहले लक्ष्मी भंडार के तहत हर महीने 1,500 रुपये सीधे खाते में पहुंच जाते थे। अब 3,000 रुपये की घोषणा के बावजूद भुगतान नहीं मिल रहा है। महिलाओं का कहना है कि सरकार को जल्द समस्या का समाधान करना चाहिए।