टॉप न्यूज़

पार्टी छोड़ने के अटकलों के बीच शीर्ष नेतृत्व से अन्नामलाई की मुलाकात

नई पार्टी, राज्यसभा या नई जिम्मेदारी? भाजपा नेतृत्व के साथ बैठक के बाद बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी

Bishakhaa Tiwari

नई दिल्ली/चेन्नई : तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष K. Annamalai के राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। भाजपा छोड़कर नई पार्टी बनाने की अटकलों के बीच अन्नामलाई ने दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में नए कयास लगाए जा रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, अन्नामलाई ने भाजपा मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Nitin Navin और संगठन महामंत्री B. L. Santhosh से मुलाकात की। बैठक में उनके भविष्य की भूमिका और संगठन में संभावित नई जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा हुई।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि नेतृत्व ने अन्नामलाई को भरोसा दिलाया है कि उनकी क्षमता और अनुभव के अनुरूप उन्हें आगे भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाएंगी। इस बीच यह भी चर्चा है कि उन्हें राज्यसभा भेजा जा सकता है, हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।दिल्ली रवाना होने से पहले अन्नामलाई ने मीडिया से बातचीत में अपने भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर खुलकर टिप्पणी करने से परहेज किया। उन्होंने केवल इतना कहा, “कृपया इंतजार कीजिए, दो दिन बाद हम बैठकर बात करेंगे।” उनके इस बयान ने राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी है।

पूर्व आईपीएस अधिकारी अन्नामलाई वर्ष 2020 में भाजपा में शामिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने तेजी से तमिलनाडु में पार्टी के प्रमुख चेहरों में अपनी पहचान बनाई। 2021 से 2025 तक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में उन्होंने कई बड़े अभियानों का नेतृत्व किया और युवाओं के बीच मजबूत जनाधार तैयार किया।

2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे थे, खासकर इसलिए क्योंकि पार्टी के प्रमुख चेहरों में शामिल होने के बावजूद उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा। हाल ही में त्रिभाषा नीति को लेकर केंद्र सरकार के फैसले पर उनकी आलोचनात्मक टिप्पणी ने भी राजनीतिक बहस को जन्म दिया और पार्टी नेतृत्व के साथ उनके संबंधों को लेकर अटकलें तेज कर दीं।

फिलहाल भाजपा और अन्नामलाई दोनों की ओर से किसी बड़े फैसले की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। हालांकि उनकी दिल्ली यात्रा और शीर्ष नेताओं से मुलाकात ने यह संकेत जरूर दिया है कि आने वाले दिनों में तमिलनाडु की राजनीति में कोई महत्वपूर्ण घटनाक्रम देखने को मिल सकता है।

SCROLL FOR NEXT