टॉप न्यूज़

अमित शाह से मिले अन्नामलाई, इस्तीफे की बात गलत

बीजेपी नेतृत्व से मुलाकात के बाद अटकलें तेज, नई पार्टी बनाने की चर्चाओं पर भी सस्पेंस बरकरार

Bishakhaa Tiwari

तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई के इस्तीफे की खबरों पर उनकी टीम ने बड़ा बयान जारी करते हुए इन दावों को खारिज कर दिया है। मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष से उनकी मुलाकात के बाद ऐसी खबरें सामने आई थीं कि अन्नामलाई ने पार्टी नेतृत्व को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।

हालांकि, अन्नामलाई की टीम ने स्पष्ट किया है कि इस्तीफे से जुड़ी रिपोर्ट्स तथ्यहीन हैं और उन्होंने भाजपा से अलग होने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

मंगलवार को अन्नामलाई ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शाह को अपनी एक पुस्तक भी भेंट की। लगातार हो रही इन बैठकों ने उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाओं को और हवा दे दी है।

इससे पहले ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि पूर्व आईपीएस अधिकारी अन्नामलाई एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने की तैयारी कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित संगठन का फोकस ‘तमिल फर्स्ट’ और धर्मनिरपेक्ष विचारधारा पर आधारित हो सकता है। यह भी दावा किया गया था कि अगले सात से आठ महीनों में इस नए राजनीतिक मंच की घोषणा की जा सकती है।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यह संभावित संगठन तमिलनाडु की राजनीति में भाजपा और द्रविड़ दलों के विकल्प के रूप में खुद को स्थापित करने की कोशिश कर सकता है। हालांकि, नई पार्टी के गठन को लेकर भी अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल अन्नामलाई की भाजपा नेतृत्व से हुई मुलाकातों और उनके अगले राजनीतिक कदम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। उनके समर्थकों और राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस पूरे घटनाक्रम को लेकर तस्वीर और साफ हो सकती है।

SCROLL FOR NEXT