टॉप न्यूज़

अंडमान के बिजली विभाग ने 2.5 मेगावॉट की वृद्धि की

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : श्री विजयपुरम क्षेत्र में बिजली संकट को कम करने के लिए प्रशासन के मार्गदर्शन में निरंतर प्रयासों के तहत विभाग ने पहले ही 5.5 मेगावॉट को ग्रिड में जोड़ा था, जिससे शाम के पीक आवर्स में उपलब्ध क्षमता 38.5 मेगावॉट हो गई थी और उपभोक्ताओं को काफी राहत मिली थी। इसी श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए फीनिक्स बे पावर हाउस ने 23 नवंबर को 2.5 मेगावॉट की अतिरिक्त इन-हाउस क्षमता का सफलतापूर्वक कमीशनिंग कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की, जिससे कुल उपलब्ध क्षमता बढ़कर 41 मेगावॉट हो गई। इसके अतिरिक्त बम्बूफ्लैट पावर हाउस में 1 मेगावॉट के निष्क्रिय डीजी सेट के पुनर्जीवन का कार्य चल रहा है, जिसे 10 दिसंबर 2025 तक पूरा कर लिये जाने की संभावना है।

इसके चालू होने के बाद कुल विद्युत उत्पादन क्षमता बढ़कर 42 मेगावॉट हो जाएगी, जिससे मौजूदा बिजली कमी को दूर करने में और मदद मिलेगी जबकि विभाग डीजल जनरेटर और नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों को तैनात कर हर संभव प्रयास कर रहा है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित करें। यह पहल ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देती है, उपभोक्ताओं को केंद्रीय व केंद्रशासित प्रदेश सब्सिडी प्रदान करती है और डीजल आधारित उत्पादन पर निर्भरता कम करने में मदद करती है। रूफटॉप सोलर सिस्टम की व्यापक स्थापना द्वीपों में डी-डीजलाइजेशन, ऊर्जा स्थिरता और हरित विकास को सुदृढ़ करेगी। विद्युत विभाग ने ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने, बिजली क्षेत्र को मजबूत करने और द्वीपवासियों को विश्वसनीय बिजली आपूर्ति प्रदान करने की अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई है।

SCROLL FOR NEXT