नई दिल्ली के यशोभूमि में 25 से 27 फरवरी आयोजन
अंडमान टूरिज्म पवेलियन ने आकर्षक प्रदर्शन प्रस्तुत किया
सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : अंडमान एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स के सदस्यों ने एशिया के प्रमुख यात्रा एवं पर्यटन प्रदर्शनों में से एक साउथ एशिया ट्रेवल एंड टूरिज्म एक्सचेंज 2026 में सक्रिय रूप से भाग लिया। यह आयोजन 25 से 27 फरवरी 2026 तक नई दिल्ली के द्वारका स्थित यशोभूमि (इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर) में आयोजित किया गया था। एएटीओ के कई सदस्यों ने अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह का प्रतिनिधित्व पर्यटन निदेशालय, अंडमान एवं निकोबार प्रशासन द्वारा स्थापित अंडमान टूरिज्म पवेलियन के माध्यम से किया, जबकि कुछ सदस्यों ने अपने व्यक्तिगत स्टॉल के जरिए भी भागीदारी की। पर्यटन निदेशालय द्वारा विकसित अंडमान टूरिज्म पवेलियन को आकर्षक ढंग से डिजाइन किया गया था और इसने आगंतुकों, ट्रैवल ट्रेड भागीदारों तथा पर्यटन हितधारकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। पवेलियन में अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के विशिष्ट आकर्षणों को प्रदर्शित किया गया और सूचनात्मक पुस्तिकाएं तथा प्रचार सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे आगंतुकों को द्वीपों की पर्यटन संभावनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त हुई। एएटीओ के अध्यक्ष एम. विनोद ने पर्यटन आयुक्त, पर्यटन सचिव और पर्यटन निदेशक, अंडमान एवं निकोबार प्रशासन का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने द्वीपों के पर्यटन हितधारकों को इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर भाग लेने का अवसर प्रदान किया। उन्होंने कहा कि साउथ एशिया ट्रेवल एंड टूरिज्म एक्सचेंज 2026 जैसे आयोजनों में भागीदारी ने उद्योग जगत के साथ संपर्क मजबूत करने, द्वीपों के पर्यटन उत्पादों को बढ़ावा देने और स्थानीय हितधारकों के लिए नए व्यावसायिक अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विनोद ने आगे कहा कि साउथ एशिया ट्रेवल एंड टूरिज्म एक्सचेंज 2026 जैसे वैश्विक ट्रैवल मार्केटप्लेस में “ब्रांड अंडमान” को बढ़ावा देने का अवसर द्वीपों की दृश्यता बढ़ाने और अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में पर्यटन को प्रोत्साहन देने में उल्लेखनीय योगदान देने वाला साबित हुआ।