टॉप न्यूज़

अंडमान टीम भारतीय सॉफ्टबॉल क्रिकेट लीग के लिए चयनित

1 दिसम्बर से बेंगलुरु में होगा टूर्नामेंट का शुभारंभ

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : वार्ड नंबर 6 के पार्षद, श्री विजयपुरम नगर परिषद के अजीज उर रहमान ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह की एक टीम का चयन इंडियन सॉफ्टबॉल क्रिकेट लीग के लिए किया गया है। यह प्रतिष्ठित लीग 1 दिसम्बर से चिक्कनहल्ली, बेंगलुरु में आरंभ होगी। प्रेस वार्ता के दौरान अज़ीज उर रहमान ने जानकारी दी कि देशभर की 32 टीमें इस लीग के लिए चयनित की गयी हैं, जिनमें अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह की एक टीम भी शामिल है। टीम के कप्तान जी. जयराम और उप-कप्तान सुंदर पांडे 4 दिसम्बर को प्रस्थान करेंगे तथा उनका पहला मैच 5 दिसम्बर को खेला जाएगा। उन्होंने कर्नाटक के इंडियन सॉफ्टबॉल क्रिकेट लीग के संस्थापक अध्यक्ष गंगाधर राजू की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह लीग सड़कों और छोटे मैदानों में सॉफ्टबॉल क्रिकेट खेलने वाले हजारों प्रतिभाशाली युवाओं को पहचान और बड़ा मंच प्रदान करेगी। उन्होंने अंडमान के युवाओं से दूरदर्शन स्पोर्ट्स और यूट्यूब पर होने वाले लाइव प्रसारण को देखने की अपील करते हुए कहा, “मैं चाहता हूं कि द्वीपों के सभी युवा ऑनलाइन टीम का समर्थन करें, उन्हें चीयर करें और कमेंट व लाइक के माध्यम से प्रोत्साहित करें।” खिलाड़ियों ने कम समय में अभ्यास मैदान उपलब्ध कराने के लिए अजीज़ उर रहमान का आभार व्यक्त किया। स्थानीय मैदान उपलब्ध न होने के कारण उन्होंने केंद्रीय विद्यालय संख्या-1 में अभ्यास की सुविधा तत्काल उपलब्ध करायी। सम्मेलन के अंत में अजीज उर रहमान ने एक और खेल आयोजन की घोषणा करते हुए बताया कि अटल फाउंडेशन के बैनर तले दिसम्बर में वॉलीबॉल टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा। इसका फाइनल 25 दिसम्बर को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर होगा, जिसमें 40 से 50 टीमों के भाग लेने की संभावना है।

SCROLL FOR NEXT