तिरुमला: रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने रविवार सुबह तिरुमला स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में दर्शन कर श्रद्धा और सेवा का अनूठा संदेश दिया। दर्शन के बाद उन्होंने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को लगभग 27.5 करोड़ रुपये की लागत वाली 25 इलेक्ट्रिक बसें दान करने की घोषणा की। यह पहल श्रद्धालुओं को बेहतर और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
अनंत अंबानी ने मंदिर में आयोजित सुप्रभात सेवा में भाग लिया और परंपरा का पालन करते हुए भगवान वेंकटेश्वर को अपने केश भी अर्पित किए। दर्शन के बाद मंदिर परिसर में वैदिक विद्वानों ने उन्हें वेद आशीर्वचनम प्रदान किया, जबकि मंदिर प्रशासन ने श्रीवारी तीर्थ प्रसाद और पारंपरिक रेशमी शॉल भेंट कर उनका सम्मान किया।
अनंत अंबानी ने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज केवल 25 इलेक्ट्रिक बसें ही उपलब्ध नहीं कराएगी, बल्कि इनके संचालन के लिए आवश्यक 50 ड्राइवरों के वेतन और अन्य सुविधाओं का खर्च भी कंपनी वहन करेगी। इसके अलावा तिरुमला में इलेक्ट्रिक बसों के सुचारु संचालन के लिए ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने में भी सहयोग दिया जाएगा।
श्रद्धालुओं को मिलेगी स्वच्छ और आधुनिक परिवहन सुविधा
TTD को मिलने वाली इन इलेक्ट्रिक बसों की अनुमानित लागत करीब 27.5 करोड़ रुपये है। इनका उद्देश्य तिरुमला आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को प्रदूषण-मुक्त, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराना है। बढ़ती भीड़ और पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता को देखते हुए इस पहल को अहम माना जा रहा है।
दर्शन के दौरान अनंत अंबानी ने धार्मिक परंपराओं का पूरी श्रद्धा के साथ पालन किया। उन्होंने भगवान वेंकटेश्वर के समक्ष प्रार्थना की और परंपरा के अनुसार मुंडन (केश दान) भी कराया। इसके बाद रंगनायकुला मंडपम में वैदिक विद्वानों से आशीर्वाद प्राप्त किया।
इससे पहले RSS मुख्यालय भी पहुंचे थे
गौरतलब है कि इससे पहले सप्ताह में अनंत अंबानी नागपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) मुख्यालय भी पहुंचे थे। वहां उन्होंने सरसंघचालक मोहन भागवत से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार स्मृति मंदिर और एम.एस. गोलवलकर की समाधि का भी दर्शन किया।