नई दिल्लीः नई दिल्ली में रक्षा मंत्रालय में नियुक्त एक कर्मचारी द्वारा अपनी पत्नी की दहेज को लेकर हत्या किये जाने के मामले ने दिल्लीवासियों को हिलाकर रख दिया है। आरोपी अंकुर ने अपनी पत्नी काजल (27) की हत्या उसके भाई को बता कर पीट-पीट कर दी। विडंबना की बात है काजल, जिसकी हत्या हुई, वह दिल्ली पुलिस की स्वात कमांडो थी, बावजूद इसके वह अपने को बचा नहीं पायी।
काजल चार महीने की गर्भवती थी। काजल के भाई निखिल ने, जो दिल्ली पुलिस का एक कर्मचारी है, बताया, 'अंकुर ने मुझे कॉल किया और कहा, इस कॉल को रिकॉर्डिंग पर रख, पुलिस साक्ष्य में काम आएगा। मैं मार रहा हूं तेरी बहन को। पुलिस मेरा कुछ नहीं कर पाएगी।'
अंकुर दुस्साहस दिखाते हुए पांच मिनट बाद फिर से निखिल को फोन करता है, और कहता है, 'वो मर गई है। हॉस्पिटल आ जाओ।' जब अंकुर यह कह रहा था तो काजल की कराहने की आवाज आ रही थी। अंकुर की इस धमकी से निखिल अंदर तक हिल गया। लेकिन वह अपने माता-पिता को साथ लेकर यथाशीघ्र अंकुर के घर पहुंचा। लेकिन वहां काजल नहीं थी, उसे अस्पताल ले जाया गया था।
इस मामले में दिल्ली पुलिस ने बयान दिया है। पुलिस के मुताबिक काजल पर 22 जनवरी की रात करीब 10 बजे बेरहमी से हमला किया गया था। अंकुर ने काजल का सिर दरवाजे के फ्रेम से टकराया था, और फिर उसे डंबल से प्रहार किया था। पुलिस की फॉरेंसिक टीम को दरवाजे पर खून के धब्बे मिले हैं। हमले के लिए उपयोग डंबल को जब्त कर लिया गया है।
प्रेम विवाह था अंकुर और काजल का
काजल के परिवार के मुताबिक काजल और अंकुर दोनों कॉलेज के समय से परिचित थे और प्रेम विवाह किया था। परिवार ने शादी में करीब 20 लाख रुपये खर्च किये थे। अपनी हैसियत के मुताबिक अंकुर को दहेज दिये थे। लेकिन वह और अधिक की मांग कर रहा था। वह कार की मांग कर रहा था। काजल ने उसे अपने पैसे से खरीद पर भी दी थी। यहां तक कि पांच लाख नकद भी दिये थे। लेकिन वह और अधिक की मांग कर रहा था।
काजल के परिवार की तरफ से पुलिस को स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि दहेज के लिए ही काजल की हत्या की गयी है। क्योंकि अंकुर लगातार पैसे की मांग करता रहता था।