सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : दिव्यांग व विशेष बच्चों की शिक्षा, खेल और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में जुटी सामाजिक संस्था उनमिष की संस्थापिका नीता दीवान और विशेष ओलंपिक भारत की अध्यक्ष डॉ. मल्लिका नड्डा ने आपसी सहयोग के लिए एक समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किये। इस अवसर पर डॉ. नड्डा ने कहा कि आज से दोनों संस्थाएं दिव्यांग जनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम करेंगी, साथ ही खेल-कूद के प्रति प्रोत्साहित भी करेंगी। इनके भीतर की प्रतिभा को पहचान कर निखारने की कोशिश होगी। स्वास्थ्य, खेल और शिक्षा बेहतर जीवन के आधार स्तंभ हैं। दिव्यांग जनों में खेलों के प्रति भागीदारी बढ़ा कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की जरूरत है।स्वागत भाषण देते हुए उनमिष की संस्थापिका व निदेशक नीता दीवान ने कहा कि आज का दिन मेरे लिए ऐतिहासिक है। आज मेरा सपना फलीभूत दिख रहा है। मेरा विशेष पुत्र निकुंज विशेष बच्चों के लिए मुझे प्रेरित करने का काम करता है। आज अभिभावकों के लिए आवश्यक है कि अपने विशेष बच्चों को सामान्य बच्चों की तरह स्वीकारें और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश करें। हमारी संस्था में दिव्यांग व विशेष बच्चों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए उत्तम व्यवस्था है। आज से हाइड्रोथेरैपी व खेल की सुविधा शुरू हो रही है। इस अवसर पर पद्मश्री से सम्मानित उद्योगपति व समाजसेवी सज्जन भजनका ने कहा कि यह सुखद है कि अब दोनों संस्थाएं मिलकर दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम करेंगी। उन्होंने कहा कि उनमिष संस्था नीता दीवान की कड़ी मेहनत का फल है। इस अवसर पर गुजरात चैप्टर की विशेष ओलंपिक भारत की मुख्य संरक्षक व चेयरमैन गीता मांडविया, पश्चिम बंगाल विशेष ओलंपिक भारत के अध्यक्ष पवन कुमार पाटोदिया, अभिनेता अर्जुन चक्रवर्ती, आलोका नंदा राय, ओम जालान, मुरारीलाल दीवान, प्रदीप अग्रवाल, राजेन्द्र प्रसाद खंडेलवाल, शकुंतला दीवान, शशि गोयल, विमल दीवान, अमित सराफ, नंदिनी सराफ, पुरुषोत्तम तिवारी और नितीन सिंघी सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।